Shahjahanpur News: सैनिक कॉलोनी में मकान से लाखों रुपये की चोरी, पांच मोबाइल भी ले गए चोर

सांकेतिक तस्वीर
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
शाहजहांपुर के थाना सदर बाजार क्षेत्र में सैनिक कॉलोनी निवासी जाकिर अली के मकान में घुसे चोरों ने अलमारी में रखी लाखों रुपये की नकदी व ज्वैलरी को चुरा लिया। चोरों ने उनके पास के दो मकानों से भी चोरी की है। इस दौरान करीब पांच मोबाइल भी गायब मिले हैं। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
जाकिर अली दिल्ली में रहकर कपड़े की कतरन का काम करते हैं। दो महीने पहले वह अपने घर लौटे थे। चार अक्तूबर को वह अपने परिवार के साथ लखनऊ घूमने गए थे। सोमवार शाम को लौटने पर परिवार के साथ सो गए। इस बीच चोरों ने घर में घुसकर अलमारी में रखी एक लाख 84 हजार की नकदी, सोने की अंगूठी व अन्य ज्वैलरी को चुरा लिया। आसपास के मकानों में घुसकर चोरों ने मोबाइल चोरी कर लिया। सुबह छह बजे जागे जाकिर को मकान के अंदर सामान बिखरा पड़ा मिला। उन्होंने तुरंत ही डायल 112 पर कॉल की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। इसके बाद सदर पुलिस ने भी मौका-मुआयना किया।
जाकिर ने बताया कि चोर नकदी, सोने की अंगूठी, उनके बेटे का मोबाइल फोन ले गए। उनके किरायेदार हिना व फाजिल का मोबाइल भी चोरी हो या। कुछ दूरी पर शबीना खातूर व फुरकन के घर में घुसे चोरों ने मोबाइल चोरी कर लिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।

