शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: बाजार पर खूब बरसी लक्ष्मी की कृपा, 200 करोड़ का कारोबार

Connect News 24

शाहजहांपुर। दिवाली पर लक्ष्मी जी की कृपा बाजार पर खूब बरसी। धनतेरस पर जहां जिले में 100 करोड़ से अधिक का कारोबार हुआ। वहीं दिवाली तक यह बढ़कर 200 करोड़ के पार पहुंच गया जिससे कारोबारियों में खुशी है। इस बार अकेले दो और चारपहिया वाहनों की बिक्री ही 117 करोड़ रुपये की हुई है। जबकि 15 करोड़ रुपये की मिठाई और उपहार भी बिक गए।

दिवाली पर दो और चारपहिया वाहनों की खरीदारी का रिकॉर्ड बन गया। इस बार करीब दो हजार बाइक और 100 के आसपास कारों की खरीदारी हुई है जिससे वाहन कारोबारियों की दिवाली खूब रोशन हुई। सुमित्रा संस के मैनेजर अनुज कपूर के अनुसार हीरो की जिले में करीब 1500 बाइकें बिकी हैं। जबकि, चारपहिया वाहनों के कारोबारी वीपी सिंह के अनुसार 50 से अधिक कारें बिकीं। इसी तरह से अन्य वाहन कारोबारियों ने वाहनों की बिक्री की है। जिसके चलते कुल कारोबार 117 करोड़ का होने का अनुमान है।

सराफा बाजार में सोना-चांदी के आभूषणों के साथ ही सिक्कों की खूब खरीदारी हुई। लोगों ने लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों भी खरीदीं। सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद गुप्ता बताते हैं कि धनतेरस के बाद दिवाली पर जिले में करीब 20 करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान है।

त्योहार पर इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों पर ऑफरों की भरमार रही जिसका फायदा ग्राहकों ने उठाया तो कारोबारियों की चांदी कट गई। कारोबारी जसविंदर सिंह बजाज और सुवनीत पाठक बताते हैं कि सबसे ज्यादा लोगों ने एलईटी टीवी, फ्रिज और वॉशिंग मशीन खरीदी। इनके अलावा किचन में प्रयोग होने वाले उत्पादों की भी बिक्री अच्छी खासी हुई जिससे पूरे जिले में अनुमानित 25 करोड़ रुपये का कारोबार हो गया।

पूजा में नए कपड़े पहनकर बैठने की परंपरा के चलते लोगों ने इसकी भी खरीदारी की। महिलाओं ने जहां साड़ी और सूट खरीदे तो पुरुषों ने कुर्ता पैजामा तथा पैंट-शर्ट को तवज्जो दी। कई लोगों ने सर्दी के हिसाब से भी कपड़े खरीदे। रेडीमेट कपड़ों के विक्रेता अतुल गुप्ता और राज सेलेक्शन के स्वामी पूरन सिंह के अनुसार जिले में 10 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ है।

बर्तन कारोबारी राहुल के अनुसार धनतेरस से लेकर दिवाली तक लोगों ने अपनी जरूरत ओर पूजा के लिए करीब 10 करोड़ रुपये के बर्तन खरीदे। इनमें छोटे से लेकर बड़े, स्टील, पीतल, तांबा समेत सभी धातुओं के बर्तन शामिल हैं। ऑफर के चलते कुछ लोगों ने बेटे-बेटियों की शादी के लिए बर्तन खरीदे।

दिवाली पर भगवान को भोग लगाने के लिए हर घर में मिठाई पहुंची जिसको खरीदने के लिए सुबह से ही बाजार में मिठाई की दुकानों पर भीड़ रही। मिठाई कारोबारी अर्जुन यादव ने बताया कि जिले भर में करीब 15 करोड़ रुपये की मिठाई बिक गई।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button