Shahjahanpur News: खलिहान व तालाब में दर्ज भूमि को हड़पना चाह रहे भूमाफिया

तिलहर में ग्राम पंचायत अमनपुर के प्रधान भू माफियाओं के खिलाफ ग्रामीणों के साथ प्रदर्शन करते हुए
तिलहर। हाईवे के समीप करोड़ों रुपये की खलिहान और तालाब में दर्ज भूमि को पुलिस व प्रशासन के सहयोग से भूमाफिया हड़पना चाहते हैं। उन्होंने ग्रामीणों के कंडों और घूरे को जबरन हटवाने का प्रयास किया। नाराज ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान के साथ प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री से भूमाफिया के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
गांव सभा अमनपुर के प्रधान राशिद ने बताया कि मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर बताया गया है कि सलेमाबाद पट्टी उर्फ गुलचम्पा के गाटा संख्या- 476 क्षेत्रफल .0400 हेक्टेयर, तालाब खतौनी में दर्ज व मौके पर मौजूद हैं, जिस में गांव का पानी इकट्ठा होता है। इसके आगे हाईइवे के किनारे गाटा संख्या- 466 खाद के गड्ढे हैं। इस पर पिछले कई साल से ग्रामीण गोबर और घूरा डालते आ रहे हैं। कंडे उपले भी वहीं रखते हैं। वर्तमान में दोनों भूमि हाईवे के किनारे तथा कस्बा तिलहर से सटे होने के कारण कीमती है। इस पर नगर के कुछ भूमाफिया अवैध कब्जा करने की फिराक में हैं। मांग है कि इस प्रकरण की निष्पक्ष जांच किसी जिला स्तरीय उच्चाधिकारी से कराई जाए, दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई हो।