शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: पेड़ कटान में लगी मशीन बंद कराई पर लकड़ी बेचने वालों पर नहीं की कार्रवाई

Connect News 24

पुवायां। हाईवे चौड़ीकरण के लिए पेड़ काटने के बाद टहनियां भट्ठों पर बेचने के मामले में अभी कोई कार्रवाई नहीं की गई है। हालांकि रविवार को मशीन चलती नहीं दिखी और टहनियों को सड़क किनारे डाल दिया गया।

लखनऊ-पलिया हाईवे पर खुटार और पुवायां के बीच हाईवे चौड़ीकरण का काम चल रहा है। इसके लिए रोड किनारे खड़े पेड़ों के कटान का ठेका दिया है। अलग-अलग ठेकेदार दो महीने से पेड़ कटान का काम कर रहे हैं। ठेकेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत से मोटी लकड़ी डिपो पर भिजवाने के बाद टहनियों को 500 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से ईंट भट्ठों को बेच रहे हैं।

अब तक कई लाख रुपये की लकड़ी भट्ठों पर बेचने का अनुमान है। अमर उजाला में खबर छपने के बाद रविवार को मशीन को मौके से हटवा दिया गया। ठेकेदार और निगमकर्मी पूरे दिन कार्रवाई की जानकारी जुटाते रहे। टहनियों को कटवाना बंद कर दिया गया है लेकिन अभी तक बेची गई लकड़ी के मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

वन विभाग भी कम जिम्मेदार नहीं

वन विभाग के अधिकारी, कर्मचारी पूरे मामले से पल्ला झाड़ रहे हैं। उनका कहना है कि कटान का काम निगम कराता है लेकिन बड़ा सवाल है कि वन उपज को कहीं ले जाने के लिए परमिट और रवन्ना बनवाना पड़ता है तो रोजाना वन विभाग की टहनियों का परिवहन किए जाने के बाद भी कार्रवाई नहीं की गई। वन निगम के इकाई अधिकारी राजकुमार ने बताया कि रविवार को मशीन ने कहीं पर भी टहनी आदि नहीं काटी हैं। कार्रवाई के बारे में उनको कोई जानकारी नहीं है।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button