Shahjahanpur News: पैदल और दो पहिया वाहन से ही जा सकेंगे मुख्य बाजार
शाहजहांपुर। धनतेरस और दिवाली पर बाजार में भीड़ को देखते हुए पुलिस ने यातायात प्लान जारी कर दिया है। इसके तहत मुख्य बाजार में चारपहिया वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। केवल दोपहिया वाहन ही जा सकेंगे। चारपहिया वाहन पार्किंग में ही खड़े करने होंगे।
सीओ ट्रैफिक जगदीश टम्टा ने बताया कि पंखी चौराहा, अलका गेस्ट हाउस तिराहा, जेल के पीछे पार्किंग तिराहा, फूलों वाली गली तिराहा, लोहा मंडी तिराहा, घंटाघर, पचराहा, बालाजी प्रोविजन तिराहा से बहादुरगंज मार्केट की तरफ दोपहिया वाहन और पैदल व्यक्तियों को छोड़कर सभी प्रकार के वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। विशेष परिस्थिति में दो पहिया वाहन भी प्रतिबंधित किए जा सकते हैं। सभी स्थानों पर यातायात और सिविल पुलिस बैरियर लगाकर बाजार में वाहनों का प्रवेश रोकेगी। चौक कोतवाली क्षेत्र में डॉ. रवि मोहन तिराहा से कच्चा कटरा की ओर और कालीचरण रोड से कोतवाली चौक मार्केट की ओर से भी दो पहिया वाहनों को छोड़कर सभी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।
यहां रहेंगे पार्किंग स्थल : सुदामा काॅलेज खिरनी बाग के गेट के सामने, जेल रोड के पीछे पार्किंग, गोविंदगंज फ्लाईओवर के नीचे, शहीद पार्क गेट के सामने, बहादुरगंज पुलिस चौकी के सामने मैदान में, राजघाट तिराहा पुलिस चौकी के सामने मैदान में।
दो स्थानों पर लगेंगी आतिशबाजी की दुकानें : शहर में दो स्थानों पर आतिशबाजी की दुकानें लगेंगी। प्रशासन ने सदर बाजार क्षेत्र में ओसीएफ मैदान और चौक कोतवाली क्षेेत्र में धर्मानंद इंटर कॉलेज मैदान पर पटाखा बाजार की अनुमति दी है। दुकानों पर सभी प्रकार के वाहन पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेंगे। सभी वाहनों को बैरियर या बैरिकेडिंग से पूर्व ही उचित स्थानों पर खड़ा किया जाएगा।