Shahjahanpur News: बिजली बिल में हेरफेर, एसई और एक्सईएन ने की जांच
शाहजहांपुर। बिजली निगम के बिलों में हेरफेर का बड़ा मामला सामने आया है। वैन पर बिल जमा करने के बाद भी सिस्टम पर रकम नहीं घटने की शिकायत आने के बाद एसई और एक्सईएन ने जांच की। इसके बाद गड़बड़ी का खुलासा हुआ। एक्सईएन ने गड़बड़ी करने वालाें के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।
बुधवार को चार उपभोक्ताओं ने बिल जमा करने के बाद भी रकम कम नहीं होने की शिकायत अधीक्षण अभियंता जेपी वर्मा से की थी। एसई ने उन्हें एक्सईएन अरविंद कुमार के पास भेजा। इसके बाद एसई खुद बहादुरगंज स्थित एक्सईएन कार्यालय पहुंचे। उन्होंने शिकायतकर्ताओं का बिल चेक कराया तो कंप्यूटर सिस्टम में अपडेट नहीं दिखा रहा था। इसके बाद एसई और एक्सईएन चौक स्थित बिल जमा करने वाली वैन पर पहुंचे। कर्मी अधिकारियों को पहचान नहीं पाए।
उन्होंने बिल के बारे में पूछा तो कर्मचारी ने स्पष्ट कहा कि बिजली निगम से पूछो। इस पर अधिकारियों ने फटकार लगाई। एसई ने एक्सईएन को कार्रवाई के लिए निर्देश दिए। एसई ने बताया कि संबंधित के खिलाफ सदर थाने में एक्सईएन की ओर से तहरीर दी गई। तहरीर में स्पष्ट कहा कि वैन पर बिल जमा करने वालों का बिजली निगम से कोई संबंध नहीं है।