Shahjahanpur News: परिवर्तित समय में चलने से कई यात्रियों की ट्रेनें छूटीं

शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन।
शाहजहांपुर। रेलवे ने एक अक्तूबर से कुछ ट्रेनों का समय परिवर्तित किया है। इनमें शाहजहांपुर स्टेशन से चलने वाली ट्रेनें भी शामिल हैं, जो कि अपने बदले हुए समय से चलीं। जानकारी के अभाव में कई यात्रियों की ट्रेनें छूट गईं।
गाड़ी संख्या 04379 बरेली एक्सप्रेस विशेष का पहले शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन से चलने का समय 6:32 बजे था, जोकि रविवार को 15 मिनट पहले 6:17 बजे रवाना हुई। 04380 रोजा एक्सप्रेस विशेष का पूर्व में शाहजहांपुर स्टेशन पर आने का समय रात 8:45 बजे था, यह ट्रेन पांच मिनट पहले 8:40 बजे यहां आई।
इसी तरह 05381 पीलीभीत-शाहजहांपुर स्पेशल अपने पुराने समय सुबह 09:50 की जगह नए समय 20 मिनट पहले 09:30 बजे आई। 05382 शाहजहांपुर-पीलीभीत स्पेशल पुराने समय शाम 5:30 की जगह आधे घंटा देरी से 6:00 बजे रवाना हुई। इनके अलावा 05395 पीलीभीत-शाहजहांपुर स्पेशल के यहां आने का पुराना समय रात 8:15 बजे था। जिसका नया समय आधा घंटा बढ़कर रात 8:45 हो गया है।
05396 शाहजहांपुर-पीलीभीत स्पेशल सुबह 7:00 बजे शाहजहांपुर से रवाना होती थी, जिसका समय परिवर्तित कर बीस मिनट पहले 6:40 कर दिया गया है। इस तरह शाहजहांपुर से रवाना होने वाली कई ट्रेनें अपने पूर्व निर्धारित समय से पहले ही गुजर गईं। इन ट्रेनों से यात्रा करने वाले कई नियमित यात्रियों को भी समय परिवर्तन की जानकारी नहीं थी। ऐसे में पूर्व निर्धारित समय पर स्टेशन पहुंचे तो उन्हें निराश होना पड़ा। इसके बाद उन्होंने दूसरे साधन का प्रयोग किया।