Shahjahanpur News: विवाहिता ने फंदे से लटककर दी जान
शाहजहांपुर/ सिंधौली। सिंधौली थाना क्षेत्र के बहलोलपुर निवासी लक्ष्मण की पत्नी खुशबू (22) ने कमरे के अंदर फंदे से लटककर जान दे दी। शादी को अभी 35 दिन ही हुए थे। पुलिस के अनुसार, घरेलू कलह के चलते विवाहिता ने यह आत्मघाती कदम उठाया।
सिंधौली थाना क्षेत्र के गांव रेहरिया निवासी खुशबू का विवाह 22 मई को लक्ष्मण के साथ हुआ था। बताते हैं कि उसकी पति से अनबन चल रही थी। सोमवार को लक्ष्मण खेत में धान की फसल में पानी लगाने चला गया। ससुर और देवर प्रदीप आम की पेटियां बाजार में बिक्री करने गए थे, जबकि सास सोमवती आम के बाग में गई हुईं थीं।
देवर प्रदीप ने बताया कि मकान में अकेली खुशबू ने कमरे के अंदर रस्सी को पंखे के हुक में फंसाकर फंदे से लटककर जान दे दी। शाम करीब चार बजे घर लौटीं सोमवती ने बड़ी बहू रमना देवी को खुशबू को बुलाने के लिए उसके कमरे में भेजा। अंदर से कमरा बंद होने पर रमना देवी को शक हुआ। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने ताला किसी तरह खुलवाकर कमरे के अंदर प्रवेश किया और शव को नीचे उतारा। खबर पाकर खुशबू के मायके पक्ष के लोग भी आ गए थे। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार किया। पुलिस ने परिजनों को समझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ने बताया कि घरेलू कलह के चलते महिला ने जान दी है। मामले में कोई तहरीर अभी प्राप्त नहीं हुई है।