Shahjahanpur News: बुखार-जुकाम के साथ चर्म रोग के सबसे ज्यादा मरीज मिले
जैतीपुर। बझेड़ा भगवानपुर के आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में 144 मरीजों का परीक्षण किया गया। इनमें सर्वाधिक 39 मरीज चर्म रोग से पीड़ित मिले। पीएचसी खेड़ारठ की टीम ने मरीजों को दवा देने के साथ ही साफ-सफाई के लिए प्रेरित किया।
अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित स्वास्थ्य शिविर में पीएचसी खेड़ा रठ की टीम ने ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इनमें अधिकतर मरीज सर्दी-जुकाम, दस्त, बुखार, त्वचा रोग, पेट की समस्याओं से ग्रसित मिले। कैंप में बुखार के 22, सर्दी-जुखाम के 37, त्वचा रोग के 39, पेट-गैस संबंधित समस्या के 21, सांस के 17 और अन्य रोगों से ग्रसित आठ मरीज आए। शिविर पूर्वाह्न 11 से दोपहर दो बजे तक चला। डॉ. शरद कुमार ने मरीजों का इलाज किया।
डॉ. शरद ने लोगों से अपने घर और आसपास सफाई व्यवस्था सही रखने की सलाह दी। बताया, स्वच्छता के जरिए तमाम रोगों से दूर रहा जा सकता है। बदलते मौसम में वायरल बुखार के फैलने की आशंका ज्यादा रहती है। इस दौरान स्टाफ नर्स तनवीर अहमद, सीएचओ सुमंगला, आशा पूनम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कमला चौहान मौजूद रहीं।
इन बातों का रखें ध्यान
– धूप में निकलते वक्त पूरे कपड़े पहनें। सिर ढककर रखें।
-लू से बचाव करें। तबीयत बिगड़ने पर डॉक्टर को दिखाएं।
– साफ-सफाई का ध्यान रखें, इससे बीमारी पास नहीं आएगी।
– पानी उबाल कर ठंडा करके इस्तेमाल करें।
– मच्छरों से बचाव रखें। आसपास पानी जमा न होनें दे।
– ज्यादा तला-भुना खाने से परहेज करें।