Shahjahanpur News: कुंडा तालाब की पैमाइश, देखे अभिलेख

खुटार में कुंडा तालाब के पास जमीन के अभिलेख देखते कानूनगो, लेखपाल। संवाद
खुटार। राजस्व टीम ने मंगलवार को कुंडा तालाब के पास की जमीन की पैमाइश की। इस दौरान अभिलेख भी देखे। टीम ने अपनी रिपोर्ट आगे अधिकारियों को भेजी है।
खुटार नगर के बीच में कुंडा तालाब है। बड़े क्षेत्रफल का यह तालाब अवैध कब्जों की मार से सिकुड़ चुका है। तीन वर्ष पहले तत्कालीन डीएम के निर्देश पर अवैध कब्जे के आरोप में 12 से अधिक लोगों पर रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी, लेकिन इसके बाद भी अवैध कब्जे जारी हैं। तालाब के पास प्लाॅटिंग के लिए मिट्टी भराव किया जा रहा है। लोगों ने एसडीएम संजय कुमार पांडे से तालाब की भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत कर जांच की मांग की थी। मंगलवार को लेखपाल अनुराग कुमार और कानूनगो नारायण दास मिश्रा ने कुंडा तालाब पर पहुंचकर पैमाइश शुरू की। कानूनगो ने बताया कि मामले की रिपोर्ट अधिकारियों को दी जाएगी। कुंडा तालाब में आधे नगर का बरसाती और गंदा पानी आता है। लोगों का कहना है कि तालाब की भूमि पर कब्जा होता रहा तो पानी निकास का संकट हो जाएगा। लोगों ने पूरे तालाब की पैमाइश कराने और अवैध कब्जे हटवाने की मांग की है।