शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: उद्घाटन के बाद छह दिन से मिल बंद, किसान परेशान

Connect News 24

तिलहर। अधूरी तैयारियों के साथ छह दिन पहले पेराई सत्र का उद्घाटन तो कर लिया, लेकिन पेराई अब तक शुरू नहीं हो सकी है। कई क्विंटल गन्ना यार्ड में सूख रहा है। वहीं किसान बैलगाड़ी और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में गन्ना लेकर मिल के बाहर खड़े हैं। बृहस्पतिवार की सुबह पेराई सत्र शुरू कराने का प्रयास किया गया, लेकिन मोटर फुंकने से रुक गई। किसानों में मिल प्रशासन को लेकर नाराजगी है।

24 नवंबर को मिल के प्रधान प्रबंधक जंग बहादुर यादव ने पूजा-अर्चना करके मिल के नवीन पेराई सत्र का शुभारंभ किया था। तब से आज तक मिल का पेराई कार्य शुरू नहीं हो सका है। मिल को शुरू किए जाने की रिपोर्ट शासन को भेज दी गई है। मिल प्रशासन ने गन्ना इंडेंट भी जारी कर दिए हैं। इसके कारण चीनी मिल यार्ड में हजारों क्विंटल गन्ने का ढेर लगा हुआ है।

वहीं चीनी मिल के तौल कांटों के बाहर कई गन्ना लदी गाड़ियां दो-तीन दिन से खड़ी हुईं हैं। चीनी मिल के गन्ना अधिकारी डीके राय ने बताया कि चीनी मिल की चिमनियों से उड़ने वाली राख को खत्म करने के लिए दो करोड़ रुपये की लागत से वेट स्क्रबर लगाया जा रहा है। इसका कार्य पूर्ण न होने के कारण पेराई शुरू नहीं हो सकी है। बताया कि चीनी मिल को तत्काल चलाया जा रहा है।

गांव मोहनपुर निवासी किसान दाताराम ने बताया कि खेत में गन्ना कटा पड़ा हुआ है। मिल न चलने के कारण गन्ना खेत पर सूख रहा है। गांव अलियापुर से आए किसान मनोज ने बताया कि दो दिन से मिल के तौल कांटे पर बैलगाड़ी पर गन्ना लादकर खड़े थे। रात को मुश्किल से तौल की गई है। गांव शेरपुर के किसान देवेंद्र और राजकुमार ने बताया कि मिल से इंडेंट काट दिया गया है। गन्ना लेकर किसान खड़े हैं, लेकिन मिल नहीं शुरू हुई। किसान रामबाबू ने बताया कि मिल गेट के बाहर दो दिन से खड़े हैं। बुधवार सुबह 10 बजे से टोकन भी नहीं काटा जा रहा है।

चीनी मिल का बॉयलर चल गया है। वेट स्क्रबर का काम भी लगभग पूर्ण हो गया है। मोटर फुंक गया था, वह ठीक हो रहा है। बृहस्पतिवार की सुबह पेराई का काम शुरू कर दिया गया था, लेकिन कुछ खराबी आने के कारण काम बंद हो गया। अब दोबारा पेराई शुरू कराने का प्रयास किया जा रहा है। – जंग बहादुर यादव, प्रधान प्रबंधक चीनी मिल, तिलहर


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button