Shahjahanpur News: खेलते समय लापता हुई बच्ची बाग में बेहोश मिली, शरीर पर मिलीं कई चोटें
खुटार। एक गांव निवासी व्यक्ति की चार वर्षीय पुत्री रविवार शाम साढ़े छह बजे घर के पास से लापता हो गई। रात पौने आठ बजे बच्ची बेहोशी की हालत में गांव के बाहर बाग में मिली। सूचना के बाद भी पुलिस ने रात में मौके पर पहुंचकर जांच करने की जरूरत नहीं समझी।
बच्ची के पिता ने बताया कि रविवार शाम उनकी पुत्री घर के पास खेल रही थी। इस बीच वह लापता हो गई। काफी तलाश करने पर भी पुत्री का पता नहीं चल सका। इस पर वह गांव के तमाम लोगों के साथ पुत्री को गांव और खेतों में तलाश करने लगे। रात पौने आठ बजे गांव के युवक ने उन्हें बताया कि उसने गांव के पास बाग में किसी बच्ची के रोने की आवाज सुनी है। गांव के लोग बाग की ओर जाने लगे। रास्ते में गांव की एक युवती बच्ची को बेहोशी की हालत में लेकर आती मिली। बच्ची के आंख, गले, पीठ पर चोट के कई निशान थे। चोटों से खून भी बह रहा था।
युवती ने बताया कि बच्ची बाग में पड़ी थी। जिस युवक ने बाग में बच्ची के रोने की आवाज सुनी थी, उसने ही उसे बच्ची के बाग में होने की जानकारी दी थी। इस पर वह बच्ची को उठाने चली गई थी। युवक और युवती के बयानों में विरोधाभास होने पर मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर जाकर जांच करने की जरूरत नहीं समझी।
परिजन बच्ची को जाेगराजपुर के एक निजी अस्पताल ले गए और इलाज कराया। देर रात होश में आने के बाद बच्ची को घर लाया गया, लेकिन वह कुछ बता नहीं पा रही है। सोमवार को परिवार के लोग बच्ची को लेकर थाने पहुंचे और हत्या का प्रयास करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस ने बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया है और अज्ञात के खिलाफ एनसीआर दर्ज की है। थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि बच्ची कुछ नहीं बता पा रही है। परिजन तमाम आशंकाएं जता रहे हैं। जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

