Shahjahanpur News: विधायक ने सात बिजली उपकेंद्र बनाने के लिए भेजा प्रस्ताव

चौढ़ेरा में बिजली विभाग के शिविर में जानकारी देते विधायक। संवाद
पुवायां। विधायक चेतराम ने बंडा के देवकली, मुड़िया कुर्मियात, मोहद्दीनपुर, खुटार में चांदपुर हरनहाई के पास, पुवायां के नाहिल और सिंधौली के चेना रूरिया, खंडसार में बिजली उपकेंद्र बनाने का प्रस्ताव दिया है।
गांव चौढ़ेरा में अपने कैंप कार्यालय पर बिजली निगम की ओर से लगाए गए शिविर में विधायक ने कहा कि नए बिजली उपकेंद्र बन जाने से लो-वोल्टेज और लाइन फाल्ट की समस्या दूर हो जाएगी। इसके अलावा जर्जर बिजली लाइनों के स्थान पर बंच लाइन डाली जाएंगी और गांवों में ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई जाएगी। इसकी शुरुआत पुवायां से होगी और इस पर लगभग 93 करोड़ की लागत आएगी। सरकार की मंशा के अनुसार, शहर की तरह ग्रामीण इलाकों में भी बिजली की आपूर्ति निर्बाध रूप से की जाएगी।
विधायक ने बिजली निगम के अधिकारियों से कहा कि ट्रांसफार्मर खराब होने की दशा में 24 घंटे के अंदर नया ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली आपूर्ति को सुचारू कराई जानी चाहिए।बिजली निगम के अधीक्षण अभियंता जेपी वर्मा ने बताया कि क्षेत्र के किसी भी इलाके में ट्रांसफार्मर फुंकने की स्थिति में 1912 नंबर पर शिकायत दर्ज कराएं। उन्होंने बिजली विभाग से संबंधित तमाम जानकारियां दीं। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष केसी मिश्रा, पुवायां नगर पालिका अध्यक्ष संजय गुप्ता, विपिन शुक्ला, देवेश गुप्ता, फतेहचंद वर्मा आदि मौजूद रहे।

