Shahjahanpur News: छह से ज्यादा हिरासत में, नवजात बच्ची का नहीं लगा सुराग


जलालाबाद में बच्ची के रोते बिलखते परिजन। संवाद
जलालाबाद। थाना क्षेत्र के गांव कोठामंझा निवासी रविंद्र की 15 दिन की बेटी का दूसरे दिन रविवार को भी पुलिस सुराग नहीं लगा सकी। एसपी ने घटना के खुलासे के लिए एसओजी, क्राइम ब्रांच समेत कई टीमों को लगाया गया। सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद शक के आधार पर छह से ज्यादा लोग हिरासत में लिए गए।
शनिवार दोपहर गांव कोठामंझा निवासी रविंद्र की पत्नी संगीता अपनी सास मिथिलेश के साथ 15 दिन की बच्ची की दवा लेकर गांव लौट रही थीं। बझेड़ा चौराहे से गांव जाने वाली रोड पर पैदल जाते समय बाइक सवार दो बदमाश संगीता की गोद से बच्ची को छीनकर भाग गए थे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद बझेड़ा चौराहे से फर्रुखाबाद और जलालाबाद की ओर जाने वाले हाईवे के अलावा गुरुगवां होते हुए हरदोई जाने वाले मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, उनमें बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग सका है। आरोपियों के अलावा पुलिस ने शक के आधार पर आसपास गांवों के कई संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है।
मां के रुक नहीं रहे आंसू, घर में नहीं जला चूल्हा
15 दिन की बच्ची के अपहरण के बाद मां संगीता का रो-रोकर बुरा हाल है। शनिवार रात परिजन की रोते हुए कटी। उनके घर चूल्हा तक नहीं जला। सुधबुध खो चुकी मां संगीता यही बात कह रही है कि मेरी बच्ची पता नहीं किस हाल में होगी? रोते हुए संगीता बार-बार बेहोश हो जाती है। होश में आते ही लोगों की तरफ देखने लगती है कि कोई उसकी बच्ची के बारे में खबर दे दे।
सूचना के बाद भी सिपाहियों ने नहीं लिया संज्ञान
बच्ची की दादी मिथिलेश ने बताया कि पड़ोसी से विवाद की जांच करने के लिए अल्हागंज थाने के सिपाही शनिवार दोपहर उसके घर पर आए थे। दूसरी ओर उनके लौटते समय रास्ते में बच्ची छीनने की वारदात हो गई। एक राहगीर से मोबाइल फोन लेकर उन्होंने बेटे शैलेंद्र को मौके पर कॉल कर घटना की जानकारी दी थी। शैलेंद्र ने सिपाहियों को जानकारी दी लेकिन पुलिस कर्मियों ने संज्ञान नहीं लिया। सिपाही हरकत में आते तो बदमाशों को घेराबंदी कर पकड़ा जा सकता था।
हमें फंसाया जा रहा
– पीड़ित पक्ष ने पड़ोसियों पर अपहरण का आरोप लगाया है। आरोपी पक्ष के ओमप्रकाश की पत्नी श्रीदेवी और उनकी बेटी मोनी का कहना है कि हम लोगों के बीच भले ही लड़ाई चल रही हो, परंतु वह लोग ऐसा घृणित अपराध नहीं कर सकते। घटना के समय सिपाही जांच करने आए थे। उस समय ओमप्रकाश खेत पर थे। जबकि, उनके दोनों बेटे व बेटी घर पर ही मौजूद थे। इसके बाद भी पुलिस उनके एक लड़के को पकड़ ले गई।

जलालाबाद में बच्ची के रोते बिलखते परिजन। संवाद

