Shahjahanpur News: बेटे की मौत के बाद गम में मां ने तोड़ दिया दम
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Fri, 17 Nov 2023 12:39 AM IST
सिंधौली। सड़क दुर्घटना में घायल हुए गांव महुआ पाठक निवासी सोनपाल (25) की बुधवार को हुई मौत का सदमा उनकी मां सरला देवी नहीं सहन कर सकीं। पुत्र की अंत्येष्टि के अगले दिन ही उनका ह्रदयघात से निधन हो गया।
अनवीर के 25 वर्षीय पुत्र सोनपाल दो नवंबर को अपने मित्र विमल के साथ बाइक से पुवायां की ओर से वापस घर आ रहे थे। हाईवे पर गांव मैनारी के समीप सिंघाड़े खरीदने के लिए बाइक रोकते ही सामने से आ रहे अनियंत्रित ट्रैक्टर ने दोनों को टक्कर मार दी। हादसे में घायल सोनपाल ने बुधवार को उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। बुधवार को परिजन ने शव को हाईवे पर रखकर रोड जाम किया था। पुलिस ने आश्वासन देकर जाम हटवाया था। शव की दोपहर बाद अंत्येष्टि कर दी गई। घटना से सोनपाल की मां सरला देवी को काफी सदमा पहुंचा। पुत्र की अंत्येष्टि के बाद से अन्न जल त्याग चुकी मां सरला की पूरी रात जागकर रोते हुए कटी। बार-बार बेटे का नाम लेते हुए सरल देवी की बृहस्पतिवार की दोपहर तबीयत बिगड़ गई। घर में डॉक्टर बुलाया गया जिसने सरला देवी को मृत घोषित कर दिया।

