Shahjahanpur News: मुहर्रम का चांद दिखा, हसन-हुसैन की याद में हुई फातिहाख्वानी

मदरसा अत्तारिया में इस्लामिक नए साल को मनाते बच्चे
शाहजहांपुर। मुहर्रम के चांद का दीदार बुधवार की शाम हो गया। बृहस्पतिवार को मोहर्रम की एक तारीख को इस्लामी नया साल मनाया गया। हजरत इमाम हुसैन की याद में ताजियेदारी का सिलसिला मुहर्रम की सात तारीख से शुरू होगा। इसी क्रम में मदरसा अत्तारिया तारीन जलालनगर में बच्चाें ने इस्लामी नया साल मनाया।
मुहर्रम का चांद नजर आने के बाद बृहस्पतिवार को चांद की पहली तारीख को हजरत हसन-हुसैन को याद करते हुए फातिहा कराई गई। इसके बाद विभिन्न स्थानों पर लंगर भी बांटा गया। मुहर्रम की सात तारीख को दिलाजाक स्थित इमामबाड़े में लोगों के दीदार के लिए ताजिया रख दिया जाएगा। इसी दिन से ताजियेदारी की शुरुआत भी हो जाएगी। मुहर्रम की दस तारीख को ताजियों काे जुलूस के रूप में देर रात तक करबला में दफन किया जाएगा।
इसी क्रम में मदरसा अत्तारिया में कुरआन की तिलावत की गई। मदनी और मक्की टीम बनाकर बच्चों से मुहर्रम के संबंध में सवाल किए गए। सबसे अधिक जवाब देकर मक्की टीम की हिरा फातिमा, अरसला, आलिया, आशना बी, मोहम्मद आकिब, अन्हा खान, वकास अत्तारी, हुसैन,सामिया खान, इकरा नाज ने जीत दर्ज की। बच्चों को पुरस्कार दिए गए। मैनेजर रिजवान अत्तारी ने उत्साह बढ़ाया।