शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: कूड़ा नहीं उठवा पा रहा नगर निगम

Connect News 24

शाहजहांपुर। स्वच्छता सर्वेक्षण-2023 में शाहजहांपुर नगर निगम को नंबर वन बनाने कवायद के बीच घर-घर से कूड़ा इकट्ठा करने की व्यवस्था धड़ाम हो गई है। ट्रिपल एम इंडिया कंपनी कूड़ा कलेक्शन और प्रत्येक घर से सुविधा शुल्क लेने में फेल साबित हो चुकी है। कंपनी की ओर से कर्मचारियों को भुगतान भी नहीं किया जा रहा। अधिकतर कॉलोनी और मोहल्लों में कूड़ा उठान न होने से लोग परेशान हैं।

लोग घर का कूड़ा बाहर फेंकने को मजबूर हो रहे है। इससे मोहल्ले में गंदगी फैल रही है, मच्छर बढ़ रहे है। खासतौर पर मोहल्ला तारीन टिकली, तारों वाला बाग, चौक आला खां, रंगीन चौपाल, गदियाना, जलालनगर बाहर चुंगी, एमनजई जलालनगर आदि में यही हाल है। कूड़ा उठान के लिए आने वाले कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें वेतन ही नहीं मिल रहा है। इसलिए वे कूड़ा उठान के लिए नहीं आते है।

वसूला जाता है 50 से 100 रुपये सुविधा शुल्क

घर-घर से कूड़ा उठान के लिए प्रत्येक घर से 50 रुपये सुविधा शुल्क निर्धारित है, लेकिन कुछ लोगों का कहना है कि उनसे 100 रुपये लिए जा रहे हैं। बताया कि सुविधा शुल्क लेने के लिए नगर निगम की ओर से हर महीने कोई न कोई पहुंच जाता है, लेकिन कूड़ा उठान नियमित रूप से होता ही नहीं हैं। कुछ मोहल्लों में हफ्तों से कूड़ा उठान के लिए कर्मचारी नहीं पहुंचे।

खत्म होगा टेंडर, नगर निगम अपने हाथ में लेगी व्यवस्था

नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा का कहना है कि डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए ट्रिपल एम इंडिया कंपनी को टेंडर दिया गया था। इसमें शर्त रखी गई कि कूड़ा कलेक्शन के साथ ही प्रत्येक घर से सुविधा शुल्क भी कंपनी को ही वसूलना होगा। इस कार्य में कंपनी फेल साबित हो गई है। कंपनी की ओर से सुविधा शुल्क न वसूल पाने के कारण कर्मचारियों का भुगतान भी अटका हुआ है। अब नगर निगम डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन को अपने हाथ में लेगी। कर्मचारियों का भुगतान भी कराया जाएगा।

टेंडर खत्म होने जैसी कोई बात निगम के अधिकारियों से नहीं हुई है। ट्रिपल एम इंडिया की ओर से नियमित रूप से कूड़ा उठान व यूजर चार्ज वसूला जा रहा है। यदि कहीं से शिकायत आती है तो उसका निस्तारण करवाया जाता है। कुछ लोग स्वयं ही कूड़ा कर्मचारी को नहीं देते और इधर-उधर फेंकते हैं। यूजर चार्ज भी जमा नहीं करते। ऐसे लोगों से अपील है कि घर का कूड़ा सुबह डोर-टू-डोर कलेक्शन को आने वाले कर्मचारी को ही दें। हर महीने यूजर चार्ज भी जमा करें। – सईद हमजा, ट्रिपल एम इंडिया


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button