शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: लूट या रंजिश के बीच उलझी हत्या की गुत्थी

Connect News 24

Mystery of murder entangled between robbery or rivalry

मीरानपुर कटरा में शव मिलने के बाद लगी लोगों की भीड़ व तैनात पुलिस। स्रोत-जागरुक पाठक

शाहजहांपुर। कार चालक शिवम गुप्ता की हत्या की गुत्थी लूट और रंजिश में उलझ गई है। जांच में पता चला कि पहले उसका गला कपड़े से कसा गया। इसके बाद सिर पर ईंट से वार कर हत्या कर शव फेंक दिया। ऐसे में बहनोई और उसके परिजन पर हत्या का आरोप पुलिस के गले नहीं उतर रहा। पुलिस का अनुमान है कि कार लूट की वजह से शिवम की हत्या की गई होगी।

शिवम भैयादूज के दिन कार लेकर निकल गया था। उसने शाम को अपनी मां सुषमा गुप्ता को फोन कर बताया था कि वह सेटेलाइट बस अड्डे पर है। सवारी अधिक होने के चलते वह घर नहीं आएगा और बरेली में ही रुक जाएगा। अगले दिन सुबह सुषमा ने फोन लगाया तो स्विच ऑफ था। शुक्रवार को शिवम का शव मिलने के बाद भाई प्रशांत ने बहनोई अक्षय गुप्ता, अर्जुन गुप्ता, मुकुल गुप्ता और उनके पिता रामसेवक के खिलाफ हत्या कर शव फेंकने की तहरीर दी। पुलिस शिवम और अक्षय गुप्ता की कॉल डिटेल निकलवा रही है।

पिछले वर्ष की थी बहन शिखा की शादी : शिवम ने अपनी बहन शिखा गुप्ता की शादी जुलाई 2022 में अक्षय गुप्ता के साथ की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ससुराली दहेज मांग रहे थे। चार लाख रुपये और कार की मांग कर मारपीट की गई। शिवम की तहरीर पर पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाया था, लेकिन हल नहीं निकल सका तब मुकदमा दर्ज कर लिया था। छह महीने से शिखा मायके में रह रही थी।

बहनोई ने शिवम को पीटा था : शिवम के परिजन अक्षय गुप्ता पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं। कुछ माह पहले अक्षय गुप्ता ने सेटेलाइट बस अड्डे पर शिवम को काफी पीटा था। उसे आठ दिन तक अस्पताल में भर्ती रहना पड़ा था। इसके चलते दोनों में काफी ज्यादा अनबन थी। इतना ज्यादा मनमुटाव होने पर शिवम उससे कैसे और क्यों मिला, यह बात पुलिस के गले नहीं उतर रही। पुलिस का मानना है कि कार को लूटने के इरादे से पेशेवर लोगों ने उसकी हत्या की होगी। अक्षय की तलाश के लिए पुलिस की टीमें रवाना की गईं हैं।

कार चलाकर परिवार पाल रहा था शिवम : परिवार का खर्च चलाने के लिए शिवम ने कार खरीदी थी। वह सेटेलाइट से कटरा तक कार चलाते थे। भाई प्रशांत ने बताया कि एक सप्ताह पहले भी भाई के मोबाइल फोन पर दो दिन तक कॉल नहीं लगी थी। बाद में वह घर आ गए थे। भैयादूज पर कॉल नहीं लगी तो व्यस्त होने की बात सोचकर उनकी तलाश नहीं की।

रुपये नहीं ले गए बदमाश : पुलिस ने तलाशी ली तो पर्स में कुछ रुपये मिले। डीएल भी जेब में रखा था। पुलिस ने आसपास तलाश किया तो खून लगी ईंट और कपड़ा भी बरामद हुआ। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं।

बिलख पड़ी मां और बहन

-भाई शिवम की हत्या की सूचना के बाद मां सुषमा, बहन शिखा और भाई प्रशांत मौके पर पहुंच गए। शव को देखकर परिजन बिलख पड़े। शिखा ने अपने पति व देवरों पर गंभीर आरोप लगाया। कहा कि देवर मुकुल ने उसे मारने के लिए तमंचा निकाल लिया था। उसने खुद को कमरे में बंद कर जान बचाई थी। भाई ने उसे न्याय दिलाने के लिए पैरवी की तो उसकी हत्या कर दी गई। शिखा ने रोते हुए कहा कि भाई के हत्यारों को फांसी की सजा कराकर ही दम लेंगे।

मीरानपुर कटरा में शव मिलने के बाद लगी लोगों की भीड़ व तैनात पुलिस। स्रोत-जागरुक पाठक

मीरानपुर कटरा में शव मिलने के बाद लगी लोगों की भीड़ व तैनात पुलिस। स्रोत-जागरुक पाठक


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button