Shahjahanpur News: भाई के साथ मिलकर की थी महिला के प्रेमी की हत्या

मदनापुर पुलिस की गिरफ्त में हत्या का आरोपी सतेंद्र
शाहजहांपुर। गढि़यारंगीन थाना क्षेत्र के गांव बिरियाकलां निवासी अजय पाल हत्याकांड के दूसरे आरोपी सतेंद्र को मदनापुर पुलिस ने कांट रोड पर बरीखास-तिलहर मोड़ से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से मृतक के मोबाइल के टूटे टुकड़े बरामद हुए हैं।
यहां बता दें कि अजय पाल की अवैध संबंधों के चलते तीन गोलियां मारकर हत्या की गई थी। उसके पैरों में दो व सीने पर एक गोली मारी गई थी। पांच जुलाई को दोपहर में अजय पाल का शव मदनापुर गांव के मकरंदपुर में पड़ा मिला था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो अवैध संबंधों के चलते हत्या होने की बात सामने आई। पुलिस ने गांव के रविंद्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि उसका भाई सतेंद्र फरार चल रहा था।
सीओ सदर अमित चौरसिया ने बताया कि सतेंद्र ने पूछताछ में घर की एक महिला से अजय के संबंध होने की बात बताई है। बड़े भाई रविंद्र को दुखी देखकर दोनों ने उसकी हत्या का प्लान बनाते हुए महिला के मोबाइल से फोन करके अजय को चुपचाप बुलाया था। रविंद्र ने जांघ पर फायर मारा। भागने के दौरान उसका मोबाइल गिर गया था। सतेंद्र ने मोबाइल
उठा लिया था। बाद में रविंद्र ने अजय के सीने पर गोली मारकर हत्या कर दी थी। अजय की पैंट को झाड़ी में छिपा दिया गया था। अगले दिन भैंस चराने जाने के दौरान रामगंगा नदी के किनारे अजय के मोबाइल के टुकड़े नदी के किनारे डाल दिए थे।

