Shahjahanpur News: चंद्रपाल की मौत के मामले में मामी के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट
खुटार/शाहजहांपुर। लखनऊ के युवक चंद्रपाल की मौत के मामले में उसकी मामी के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने की रिपोर्ट दर्ज की गई है। चंद्रपाल खुटार के गांव महमूदपुर सैंजनियां में अपने मामा के घर से लापता हो गया था। बाद में गोमती नदी में उसका शव मिला था। रिपोर्ट चंद्रपाल की मां उर्मिला देवी की ओर से दर्ज की गई है।
लखनऊ के थाना चिनहट के गांव भरवारा खरगापुर निवासी 19 वर्षीय चंद्रपाल चार अप्रैल को अपने मामा संतोष कुमार के घर खुटार के गांव महमूदपुर सैंजनियां में मेहमानी में आया था। संतोष रायबरेली में नौकरी करते हैं। उनकी पत्नी राजकुमारी और तीन पुत्रियां घर पर रहती हैं। 26 मई की रात चंद्रपाल घर से गायब हो गया था। 27 मई की सुबह गोमती नदी के चकलुआ घाट पुल पर उसका पर्स, चप्पल, मोबाइल आदि मिला था। 29 मई को चंद्रपाल का शव नदी के कुंड में उतराता मिला। उसके हाथ गर्दन के पीछे बंधे थे।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चंद्रपाल की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका था। चंद्रपाल का विसरा प्रिजर्व किया गया है। पोस्टमार्टम में चंद्रपाल की मौत 27 मई को होने का अनुमान जताया गया है। चंद्रपाल का मोबाइल भी 27 मई की सुबह तक चालू रहा था, जबकि चंद्रपाल की मामी राजकुमारी का कहना था कि चंद्रपाल 26 मई की शाम गायब हुआ था। बुधवार को चंद्रपाल की मां उर्मिला देवी ने राजकुमारी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी।
रिपोर्ट में बताया गया है कि उर्मिला देवी मूलरूप से सीतापुर के थाना मिश्रिख के गांव गठिया समासापुर की रहने वाली हैं। वर्तमान में लखनऊ के गांव भरवारा खरगापुर में रहकर काम करती हैं। उनका पुत्र चंद्रपाल अपने मामा संतोष और मामी राजकुमारी के घर मेहमानी में गया था। राजकुमारी ने 26 मई को उर्मिला को फोन कर चंद्रपाल पर आरोप लगाया कि वह एक लड़की पर गलत नजर रखता है। उसे आकर ले जाओ। उन्होंने 27 मई की सुबह आने की बात कही, लेकिन सुबह पता चला कि चंद्रपाल गायब है। बाद में चंद्रपाल का शव बरामद हुआ। उन्हें अंदेशा है कि राजकुमारी ने कुछ लोगों की मदद से चंद्रपाल की हत्या की है।
पुलिस राजकुमारी सहित चार लोगों से पूछताछ कर रही है। थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से चंद्रपाल की मौत की गुत्थी उलझ गई है। जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
पुलिस ने देखी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज
बुधवार को थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने फिर से घटना स्थल गोमती नदी के चकलुआ घाट का मुआयना किया। इसके बाद पुलिस ने चकलुआ घाट से गांव महमूदपुर सैंजनियां तक कई फार्म हाउसों पर लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए। सूत्रों के अनुसार पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण तथ्य हाथ लगे हैं।
चंद्रपाल के मामा के घर ही छिपा है मौत का राज
पुलिस सूत्रों के अनुसार कि चंद्रपाल की मौत का राज उसके मामा संतोष के घर में ही छिपा है। इसकी गहनता से जांच चल रही है। संतोष की पत्नी राजकुमारी कई बार अपने बयान बदल चुकी है। इस कारण पुलिस उससे और परिवार के अन्य लोगों से अलग-अलग पूछताछ कर रही है।

