Shahjahanpur News: जून तक बन जाएगा नगर निगम का नया कार्यालय

ककरा में निर्माणाधीन नगर निगम कार्यालय भवन का ले आउट देखते नगर विकास मंत्री एके शर्मा। नगर निगम
शाहजहांपुर। नगर निगम के नए कार्यालय भवन का निर्माण कार्य जून 2024 तक पूर्ण करा लिया जाएगा। इसका आश्वासन कार्यदायी संस्था ने दिया है। रविवार को नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने वित्त मंत्री सुरेश खन्ना के साथ निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण कर संबंधित को जल्द कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
राज्य सेक्टर कार्यक्रम योजना के तहत नगर निगम की ओर से 4339.57 लाख रुपये की लागत से नए कार्यालय भवन का निर्माण न्यू सिटी ककरा में करवाया जा रहा है जिसके ग्राउंड फ्लोर का स्ट्रक्चर पूरा हो गया है। फिनीशिंग का कार्य बाकी है। अब प्रथम तल का कार्य कराया जाएगा। आसपास की सड़कों को भी दुरुस्त कराया जाएगा। इसके बाद टाउनहाल स्थित हॉकी मैदान का निरीक्षण किया जहां नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि हॉकी मैदान के स्वामित्व को लेकर मामला न्यायालय में विचाराधीन है। उन्होंने हनुमत धाम स्थल तथा रैन बसेरा को भी देखा। इस मौके पर अरुण कुमार सागर, राज्यसभा सांसद मिथलेश कुमार कठेरिया, महापौर अर्चना वर्मा, नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा, अपर नगर आयुक्त एसके सिंह, उप नगर आयुक्त रश्मि भारती, महाप्रबंधक जल सौरभ श्रीवास्तव, मुख्य अभियंता सिविल एसके अंबेडकर, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज कुमार मिश्रा आदि मौजूद रहे।
ओटीएस को मंजूरी दिलाने व जीआईएस सर्वे कराने की मांग
– नगर विकास मंत्री एसके शर्मा से महापौर अर्चना वर्मा ने नगर निगम की कर व्यवस्था के लिए ओटीएस को मंजूरी दिलाने तथा जीआईएस सर्वे कराने की मांग रखी। उन्होंने स्ट्रीट लाइट के फेज वायर को अलग कराने और मीटर सिस्टम से जुड़वाने की मांग की, जिससे स्ट्रीट लाइटों को समय से जलाया व बुझाया जा सके। प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम में महापौर ने कहा कि शहर में बिजली के तार झूलते रहते हैं जिससे करंट आने का डर बना रहता है। उन्होंने वित्त मंत्री से इसके लिए अलग से बजट दिलाने की मांग रखी।