Shahjahanpur News: ट्रेनाें से वापसी नहीं आसान, नहीं मिल रहा रिजर्वेशन

रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़। स्रोत संवाद
शाहजहांपुर। दिवाली व भैयादूज का त्योहार मनाने घर आए लोगों ने वापसी करना शुरू कर दिया है। दूसरी ओर छठ पर्व के चलते बिहार की ओर जाने वाली ट्रेनें पहले से फुल होकर आ रही हैं। इसके चलते यात्रियाें का सफर आसान नहीं रहा। आरक्षण कंफर्म नहीं होने पर वेटिंग टिकट पर यात्रा कर रहे हैं।
छठ पूजा का पर्व शुक्रवार से शुरू होगा। इसके चलते बिहार की ओर जाने वाली ट्रेनें काफी ज्यादा भरकर आ रहीं हैं। सत्याग्रह एक्सप्रेस, शहीद एक्सप्रेस, गोवाहाटी एक्सप्रेस, किसान एक्सप्रेस, सियालदाह एक्सप्रेस, पंजाब मेल ट्रेन पूरी तरह से भरकर आने के चलते यात्रियों का बोगी में प्रवेश करना मुश्किल हो रहा। जनरल से लेकर स्लीपर तक यात्रियों की भीड़ जुटी है। स्लीपर में टिकट कंफर्म नहीं होने पर वेटिंग टिकट लिए यात्री घुसने से काफी दुश्वारियों से दो-चार होना पड़ रहा है।
एक दिन में 35 हजार यात्रियों ने किया सफर
भाईदूज के मौके पर बहनों ने सफर कर परिवहन निगम की झोली भर दी। त्योहार पर एक दिन में 35 हजार यात्रियों ने सफर किया है। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक आरएस पांडेय ने बताया कि आमतौर पर 25 से 26 लाख रुपये का राजस्व एक दिन में प्राप्त होता है, लेकिन भाईदूज पर 35 लाख रुपये का राजस्व आया है। उन्होंने बताया कि अभी घर वापसी करने वालों की भीड़ नहीं चल रही है। संभावना है कि एक या दो दिन में भीड़ बढ़ सकती है।
13 घंटे देरी से आई ट्रेन, यात्री बेहाल
ट्रेनों की लेट-लतीफी ने यात्रियों की मुश्किलों को बढ़ा दिया है। सर्दी बढ़ने के बाद हल्का कोहरा पड़ने के चलते ट्रेनों पर भी असर पड़ा है। इसके चलते अप और डाउन लाइन की रेलगाड़ियों की रफ्तार धीमी हो गई। बृहस्पतिवार को अप लाइन की योगनगरी स्पेशल ट्रेन 13 घंटे देरी से आई। इसी तरह आनंद बिहार स्पेशल ट्रेन का एक घंटे तक यात्रियों को इंतजार करना पड़ा। डाउन लाइन की त्रिवेणी एक्सप्रेस आधा घंटा विलंब से आई।
