Shahjahanpur News: बाइक की टक्कर से बुजुर्ग की मौत

बरगदिया मोड़ पर रामसहाय की हादसे में मौत के बाद लगी भीड़
खुटार। गांव बालागंज सराय निवासी 52 वर्षीय रामसहाय की बाइक की टक्कर से मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।
मूलरूप से पुवायां के गांव बनगवां निवासी रामसहाय के कोई पुत्र नहीं है। चार पुत्रियां हैं, जिनकी वह शादी कर चुके हैं। वह पत्नी रामवती सहित छह वर्ष से अपने दामाद गांव बालागंज के रामसरन और पुत्री रेखा के पास रह रहे थे। शुक्रवार शाम चार बजे घर से सरसों की पिराई कराने साइकिल से गांव प्रीतमपुर जा रहे थे। रास्ते में गांव बीगदिया मोड़ के पास एक बाइक की टक्कर साइकिल में लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस से रामसहाय को खुटार सीएचसी भिजवाया। सीएचसी पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
मौके से एक मोबाइल बरामद हुआ है। पुलिस का अनुमान है कि जिस बाइक से हादसा हुआ है, उसके सवार का मोबाइल मौके पर गिरा है। उनकी मौत से पत्नी के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।