Shahjahanpur News: डेंगू से एक व बुखार से तीन लोगाें की मौत

दीपक वर्मा का फाइल फाेटो। स्रोत-परिजन
शाहजहांपुर। बृहस्पतिवार को तहसील सदर के शहबाजपुर गांव में सर्वेश वर्मा की डेंगू से मौत हो गई। जबकि खुटार में एक व बंडा में दो लोगों ने बुखार के चलते दम तोड़ दिया।
शाहबाजपुर निवासी सर्वेश वर्मा के 26 वर्षीय पुत्र दीपक वर्मा की डेंगू से मौत हो गई। वह करीब एक सप्ताह से परेशान थे। दीपक वर्मा को सात दिन से बुखार आ रहा था। पहले उसे गांव में डॉक्टर को दिखाया गया। उसके बाद निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी जांच में डेंगू हाेने की पुष्टि हुई थी। बृहस्पतिवार को उनकी मौत हो गई।
दीपक की मौत से परिजन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पिछले ही वर्ष उनकी शादी हुई थी। उसकी मौत से पत्नी सुधा व पिता सर्वेश वर्मा और बाबा तिर्मल वर्मा का रो-रोकर बुरा हाल है। इसके अतिरिक्त शाहबाजपुर में बड़े पैमाने पर लोग बुखार से जूझ रहे हैं।
–
बुखार से रजमना की एक और महिला की मौत
खुटार। क्षेत्र के गांव रजमना निवासी जयप्रकाश की पत्नी लता त्रिवेदी को 27 अक्तूबर को बुखार आ गया था। उनका खुटार के निजी अस्पताल में उपचार किया गया। लाभ नहीं होने पर परिजन उन्हें पुवायां, शाहजहांपुर और बाद में बरेली के निजी अस्पताल लेकर गए थे। बृहस्पतिवार रात को लता त्रिवेदी की हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने उनको लखनऊ ले जाने की सलाह दी।
लखनऊ ले जाते समय लता का निधन हो गया। लता त्रिवेदी का पुत्र राजा, पुत्री तनु भी बुखार से पीड़ित हैं। 15 दिन पहले लता की सास राजरानी की भी बुखार से मौत हो गई थी। संवाद
बंडा में बुखार से दो लोगों की मौत
बंडा। क्षेत्र के गांव बिराहिपुर झंझरिया निवासी रामरतन की 65 वर्षीय पत्नी जसोदा देवी करीब 10 दिन से बुखार से पीड़ित चल रही थी। एक निजी अस्पताल में उपचार के बाद राहत नहीं मिलने पर गांव के एक झोलाछाप से इलाज कराने लगे। हालत सुधरने की बजाय खराब होती चली गई। बुखार से उसकी मौत हो गई। गांव में अभी तक चार लोगों की बुखार से मौत हो चुकी हैं। लगभग 20 दिन पहले नबी हसन ने दम तोड़ दिया था। वहीं 18 अक्तूबर को रोशनलाल की पत्नी चंद्रकली की बुखार के चलते मौत हो गई थी। 29 अक्तूबर को नदीम की बुखार के चलते दिल्ली के एक निजी अस्पताल में मौत हो गई थी। गांव में रेशमा, अमन, पिंकी,निशा, इरफान बुखार से पीड़ित चल रहे हैं। वही मोहल्ला रामनगर निवासी 55 वर्षीय नसीर दो दिन से बुखार से पीड़ित चल रहे थे। उनका बंडा के एक निजी अस्पताल में चल रहा था। शुक्रवार सुबह उनकी मौत हो गई।
–
डेंगू-मलेरिया का रोगी नहीं मिला, 21 मरीज किए रेफर
वेक्टर जनित बीमारियों के बचाव के लिए शुक्रवार को 7295 मरीजों का उपचार किया गया। सीएमओ डॉ.आरके गौतम ने बताया कि 1657 मरीजेां की जांच में मलेरिया व डेंगू का कोई रोगी नहीं मिला है। 21 मरीजों को रेफर किया गया। जबकि 148 मरीज भर्ती हैं। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ.एसपी गंगवार ने बताया कि अक्तूबर महीने में 17562 घरों की जांच की गई। अभी तक 92246 घरों की जांच की जा चुकी है। इनमें 1750 घरों में मच्छरों के लार्वा मिलने पर नष्ट कर दिए गए।

दीपक वर्मा का फाइल फाेटो। स्रोत-परिजन

दीपक वर्मा का फाइल फाेटो। स्रोत-परिजन