Shahjahanpur News: प्याज ने आंसू पोंछे, लहसुन ने शुरू किया रुलाना

मंडी में सब्जी खरीदते लोग। संवाद
शाहजहांपुर। बाजार में आवक बढ़ने से प्याज के दाम में तो राहत मिली है लेकिन लहसुन ने रुलाना शुरू कर दिया है। बाजार में 400 रुपये प्रति किलो लहसुन बिक रहा है। पिछले सप्ताह की अपेक्षा बाकी सब्जियों के दाम भी कम हुए हैं।
महंगाई की वजह से लहसुन की मांग घटी है। दुकानदारों के मुताबिक, महंगा होने के कारण लोग 50 ग्राम या सौ ग्राम ही लहसुन खरीदकर घर ले जा रहे हैं। हालांकि, प्याज के दाम गिरकर 40 रुपये प्रति किलो हो गए। जबकि, एक सप्ताह पहले प्याज 60 रुपये प्रति किलो था। आलू पिछले सप्ताह 30 रुपये किलो में बिक रहा था लेकिन अब 10 रुपये किलो मूल्य हो गया है। टमाटर एक सप्ताह पहले 40 रुपये किलो थे, अब 20 रुपये प्रति किलोग्राम है, गोभी 30 से 20 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई है।
दुकानदार सुनील कुमार ने बताया कि सब्जियों की आवक बढ़ने से दाम गिरने लगे हैं। अभी और गिरने की संभावना है। लहसुन की आवक बहुत कम हो रही है जिसकी वजह से दाम बढ़ रहे हैं।
रोजा मंडी सचिव प्रवीण कुमार अवस्थी ने बताया कि लहसुन की आवक न के बराबर है जिसकी वजह से इसके भाव बढ़ गए हैं। नई फसल तैयार होते ही आवक बढ़ जाएगी जिसकेे बाद भाव गिर जाएंगे। अन्य सब्जियों का उत्पादन अधिक हो रहा है। इसकी वजह से भाव आवक बढ़ने से भाव कम हो रहे हैं।