Budaun News: डीसीएम से छुट्टा पशुओं को ले जा रहे थे तस्कर, एक गिरफ्तार

जरीफनगर में पुलिस द्वारा पकड़ी गई डीसीएम।संवाद
दहगवां (बदायूं)। जरीफनगर थाना क्षेत्र में उस्मानपुर पुल के पास छुट्टा पशुओं से लदी एक डीसीएम पकड़ी गई। थाना पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया जबकि तीन भाग गए। पकड़ी गई डीसीएम जुनावई ब्लॉक की बताई जा रही है।
रविवार रात करीब नौ बजे जरीफनगर इंस्पेक्टर राकेश कुमार नैनोल बागवाला के नजदीक गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें पता चला कि एक डीसीएम नैनोल बागवाला से कुछ छुट्टा पशुओं को लादकर उस्मानपुर की ओर जा रही है। पुलिस ने पीछा करते हुए उस्मानपुर पुल के पास डीसीएम रोक ली।
तभी आगे बैठे तीन तस्कर डीसीएम से कूदकर भाग गए, जबकि एक तस्कर को थाना पुलिस ने दबोच लिया। उसका नाम जुनावई के द्ववारी कलां निवासी छोटा बताया जा रहा है। पकड़ी गई डीसीएम के सामने उत्तर प्रदेश सरकार, सरकारी वाहन विकास खंड जुनावई तहसील गुन्नौर (संभल) लिखा हुआ है। उसमें पांच छुट्टा पशु मिले हैं।
इंस्पेक्टर राकेश कुमार ने बताया कि डीसीएम सरकारी है। इसमें छुट्टा पशुओं को ढोकर तस्करी की जा रही थी। पकड़े गए तस्कर से पूछताछ की जा रही है।