शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: नहीं बन सके ई-बसों के लिए यात्री शेड, लोग धूप मे होते हैं परेशान

Connect News 24

शाहजहांपुर। ई-बसों का इंतजार करने के लिए महानगर में तीन स्थानों पर यात्री शेड बनने थे। इसके लिए रोडवेज बस अड्डे, महिला थाने तथा बरेली मोड़ पर स्थान चिह्नित किए गए। यात्री शेड बनाए जाने की जिम्मेदारी नगर निगम की थी, लेकिन अब तक काम शुरू नहीं हो सका है।

यात्री शेड बनाए जाने के लिए नगर आयुक्त को सिटी बस प्रबंधक संदीप लाहा ने पत्र लिखा था, लेकिन बीच में नगर निगम के चुनाव पड़ने के कारण कार्य शुरू नहीं हो सका। अब चुनाव निपट गए हैं, तब भी यात्री शेड नहीं बनाए जा रहे हैं। ऐसे में यात्रियों को धूप में खड़े होकर ई-बसों के आने का इंतजार करना पड़ता है।

यहां बता दें कि वर्तमान में 25 ई-बसों का संचालन हो रहा है। आने वाले समय में 50 ई-बसों के मिलने की संभावना और है। जिससे और भी यात्री शेड की जरूरत होगी। फिलहाल तीन यात्री शेड बनने से यात्रियों को राहत मिल सकती है।-

रास्ते में खत्म होती है चार्जिंग तो खड़ी हो जाती है ई-बस

न्यू सिटी ककरा में स्थित चार्जिंग बस स्टेशन पर ई-बसों की चार्जिंग के लिए तीन प्वाइंट बने हैं, लेकिन बिजली की समस्या भी बनी रहती है। जिसकी वजह से इन ई-बसों की चार्जिंग की समस्या आती है। यदि बस रूट पर है और चार्जिंग खत्म हो जाए, तो इसको कहीं और चार्ज करने की व्यवस्था भी नहीं है। ऐसे में चार्जिंग स्टेशन पर अलग फीडर की मांग की जा रही है। इसके साथ ही यात्री शेड की व्यवस्था करने की मांग को लेकर पत्र लिखे गए हैं।

रोडवेज बस अड्डे पर बनना है चार्जिंग प्वाइंट

ई-बसों की चार्जिंग के लिए रोडवेज बस अड्डे पर प्वाइंट लगवाने की मांग को लेकर भी एक पत्र संयुक्त निदेशक, शहरी परिवहन निदेशालय, लखनऊ को लिखा गया है। जिससे इलेक्ट्रिक बसों को चार्जिंग के लिए न्यू सिटी ककरा स्थित स्टेशन पर न जाना पड़े। रोडवेज बस अड्डे स्थित चार्जिंग प्वाइंट पर ही बसें चार्ज हो सकें।

तीन स्थानों पर यात्री शेड बनाया जाना प्रस्तावित है। जल्द ही इस पर काम शुरू करवाया जाएगा। ई-बसों के लिए चार्जिंग प्वाइंट का फिलहाल कोई प्रस्ताव प्रस्तावित नहीं है।

– आशीष द्विवेदी, अधिशाषी अभियंता, नगर निगम


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button