Shahjahanpur News: हनुमतधाम के नए पुल से पक्का पुल तक बनेगा पाथ-वे

शाहजहांपुर में विसरात रोड स्थित हनुमतधाम
शाहजहांपुर। नगर निगम बनने के बाद शहर को विकास के पथ पर ले जाने के लिए तेजी से काम चल रहा है। बड़े शहरों की तरह जनपद में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सिटी पार्क के पीछे से हनुमतधाम तक रोप-वे प्रोजेक्ट को पास कराया गया था। अब हनुमतधाम के नये पुल से पक्का पुल तक पाथ-वे बनाए जाने का भी निर्णय लिया गया। जिसके लिए प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।
हनुमतधाम पर बड़ी संख्या में लोग टापू पर स्थित 104 फुट ऊंची हनुमानजी की प्रतिमा का दर्शन करने के साथ ही समय बिताने भी आते हैं। हनुमतधाम की प्रसिद्ध जिले में ही नहीं दूरदराज के जिलों तक हो गई है। जिसको ध्यान में रखकर नित नए निर्माण कार्य कराए जा रहे है। वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना के ड्रीम प्रोजेक्ट में शामिल विसरात रोड स्थित हनुमत धाम को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है। जिसके तहत हनुमत धाम के सुंदरीकरण के साथ ही घाटों का निर्माण किया जा रहा है। इसी क्रम में अब पाथ-वे बनाए जाएगा। जिस पर लोक सुबह व शाम को सैर कर सकेंगे। इस पाथ वे की लंबाई एक किमी से अधिक होगी। जोकि हनुमतधाम के नये पुल से पक्का पुल तक बनेगा। जिसके लिए 15 करोड़ रुपये का प्रस्ताव बनाकर भेजा गया है। जिसको स्वीकृति मिलते ही काम शुरू होगा। वही, बड़े शहरों की तर्ज पर डेढ़ किलोमीटर तक रोप-वे सिटी पार्क कॉलोनी के पीछे से हनुमत धाम तक बनाया जाएगा।
पाथ-वे के किनारे सुंदरता के लिए होगा पौधरोपण: हनुमतधाम पर बनने वाले पाथ-वे पर आकर्षक टाइलें लगायी जाएगी। उसके साथ ही बाद में पाथ-वे के किनारे सुंदरता के लिए फूल वाले पौधे रोपे जाएंगे। जिस जमीन पर पाथ-वे बनना है, उस पर पौधारोपण करने के बाद उसके रखरखाव और साफ-सफाई के लिए कोई योजना नहीं थी। साफ-सफाई व रखरखाव के अभाव के कारण अब तक यह मार्ग झाड़ियों से पटा दिखता है। इसके अलावा कई स्थानों पर लोगों द्वारा कूड़ा-कचरा भी फेंका जाता है। जिसकी वजह से यह स्थान कचरे से भी पटा रहता है। कुछ जगह का लोग अपने निजी काम के लिए भी इस्तेमाल कर रहे हैं।
नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा ने बताया िकि पाथ-वे बनवाए जाने के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। एक-डेढ़ माह में स्वीकृति मिलने की उम्मीद है। इसके बाद काम शुरू करवा दिया जाएगा।
–