Shahjahanpur News: पैट्रिक दास बनेंगे दशरथ, अरशद निभाएंगे परशुराम का किरदार

पैट्रिक दास
शाहजहांपुर। 58 सालों से लगातार हो रही ओसीएफ रामलीला गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल है। इसमें पैट्रिक दास दशरथ तो अरशद परशुराम का किरदार निभाते हैं।
ओसीएफ मैदान पर वर्ष 1965 से रामलीला का मंचन शुरू हुआ। तब से लेकर आज तक रामलीला मंचन की पूरी व्यवस्था ओसीएफ फैक्टरी प्रबंधन की ओर से की जाती है। ज्यादातर कलाकार भी ओसीएफ फैक्टरी में काम करने वाले कर्मचारी ही हैं। मंचन में करीब 120 कलाकार हिस्सा लेते हैं। इस साल भी 15 अक्तूबर से रामलीला का मंचन शुरू होगा। इसे लेकर लगातार पूर्वाभ्यास जारी है।
कनिष्ठ कार्य प्रबंधक पैट्रिक दास 32 वर्षों से कर रहे अभिनय
ईसाई धर्म से नाता रखने वाले पैट्रिक दास दशरथ और रावण के साधु स्वरूप का किरदार करीब 32 वर्षों से निभाते चले आ रहे हैं। वह ओसीएफ फैक्टरी में कनिष्ठ कार्य प्रबंधक के पद पर तैनात हैं। उन्होंने 1991 में विभीषण और मारीच का किरदार निभाया था। इसके साथ ही मेघनाद और लंकेश का किरदार भी निभा चुके हैं। वह बताते हैं कि 1991 में रामलीला मैदान में स्टॉल लगाया था, तभी मंचन देखकर खुद भी अभिनय करने का निर्णय लिया। बालकिशन के माध्यम से मंचन में शामिल हुए।
रावण की भूमिका निभाने वाले अंकित निर्देशक भी
ओसीएफ फैक्टरी में टीएचएस अंकित सक्सेना 13 वर्षों से रावण का किरदार निभाते आ रहे हैं। इसके साथ ही वह भगवान शंकर की भूमिका में भी नजर आते हैं। अंकित बताते हैं कि वह 19 वर्ष से ओसीएफ रामलीला से जुड़े हुए हैं और 10 वर्ष से निर्देशन भी कर रहे है। कोशिश रहती है हर साल रामलीला का मंचन और बेहतर हो।
अरशद को रट गए हैं परशुराम के संवाद
मुस्लिम धर्म से ताल्लुक रखने वाले अरशद आजाद 26 वर्षों से ओसीएफ रामलीला में महर्षि परशुराम का किरदार निभा रहे हैं। इसके साथ ही वह मारीच और विभीषण की भूमिका भी करते हैं। एक निजी कंपनी में काम करने वाले अरशद वर्ष 1990 से थियेटर कर रहे हैं। वर्ष 1997 में पहली बार परशुराम की भूमिका निभाई थी। 12 साल विभीषण का रोल करते हो गए। अरशद ने बताया कि उन्होंने अजीजगंज रामलीला में पिछले साल रावण का रोल किया था। इस बार भी करेंगे।
टेलर मास्टर हैं राम बनने वाले रोहित
टेलर मास्टर रोहित सक्सेना ओसीएफ रामलीला में भगवान राम का किरदार निभाते हैं। उन्हें वर्ष 2014 में राम की भूमिका मिली थी। इससे पहले वह शत्रुघ्न और भरत का किरदार निभाते थे। रोहित बताते हैं कि उनके पिता नरेंद्र कुमार ओसीएफ फैक्टरी में कर्मचारी रहे हैं। वह सत्यनारायण जुगनू के माध्यम से रामलीला में शामिल हुए। वर्ष 2011 में राम का किरदार मिला था, लेकिन तैयारी पूरी न होने पर वर्ष 2014 में पहली बार राम बने।
निजी कंपनी में कर्मचारी देवेंद्र करते हैं लक्ष्मण का रोल
एक निजी कंपनी में कर्मचारी देवेंद्र पाल 2006 से लक्ष्मण का किरदार निभा रहे हैं। वह बताते हैं कि जब से वह लक्ष्मण का किरदार कर रहे हैं, तब से राम का किरदार निभाने वाले पांच कलाकार बदल चुके हैं। यह किरदार उनके रग-रग में बस चुका है। इसके साथ ही भगवान विष्णु भी बनते हैं। बताया कि वर्ष 1999 में पहली बार राजकुमार का रोल मिला था, फिर अक्षय कुमार और ऋषि-मुनियों का किरदार भी निभाया।

पैट्रिक दास

पैट्रिक दास

पैट्रिक दास

पैट्रिक दास

पैट्रिक दास

