Shahjahanpur News: खोदी जा रही सड़कों पर जाम व धूल से लोग परेशान

टॉउनहाल रोड पर हो रही खोदाई की वजह से लगा जाम।संवाद
शाहजहांपुर। सीवर लाइन की खोदाई के चलते शहर में जाम और धूल के गुबार ने शहरवासियों व कारोबारियों को परेशान कर दिया है। शुक्रवार को भी सदर बाजार क्षेत्र और अंटा चौराहा मार्ग पर जाम व धूल उड़ने की समस्या बनी रही।
सदर बाजार क्षेत्र के टाउनहाल रोड पर पिछले एक सप्ताह से सीवर लाइन के लिए खोदाई का काम चल रहा है। इसके लिए जेसीबी से खोदाई जारी है। शुक्रवार को खोदाई के चलते टाउनहाल रोड पर दिनभर जाम लगता रहा। सुबह को स्कूल व कार्यालयों के खुलने, दोपहर और शाम को कई बार जाम लगा। जिसमें वाहन चालक फंसे रहे।
पूरे दिन जाम के चलते वाहन रेंगते रहे। इसी तरह से अंटा चौराहा मार्ग पर जाम की समस्या बनी रही। इस मार्ग को भी सीवर लाइन डालने के लिए खोदा गया, जिसके बाद मिट्टी डालकर छोड़ दिया गया। चारपहिया वाहन फंसने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम को खुलवाने के लिए यातायात कर्मी को धक्का लगाकर भार वाहन साइड में करवाना पड़ा।
वहीं गोविंदगंज से लेकर सदर बाजार तक सीवर लाइन डालने के लिए सड़क खोदने के बाद मिट्टी डालकर छोड़े जाने से दिनभर धूल का गुबार उठता रहा।

