Shahjahanpur News: भूकंप की दहशत में घर व प्रतिष्ठानों से बाहर निकले लोग
शाहजहांपुर। नेपाल में आए भूकंप के झटके जिले में भी महसूस किए गए। मंगलवार को दोपहर करीब 2:52 मिनट पर अचानक लोगों को धरती हिलने का अहसास हुआ। जब दोबारा झटका आया तो लोग अपने मकानों और प्रतिष्ठानों से बाहर निकल आए। थोड़ी देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल हो गया।
मंगलवार दोपहर करीब 2:52 बजे अचानक लोगों को धरती हिलने का अहसास हुआ। इसके बाद लोग दहशत की वजह से अपने-अपने घरों और प्रतिष्ठानों के बाहर निकल आए। टाउनहाल स्थित एचडीएफसी बैंक में काम कर रहे लोग झटके का अहसास होने के बाद बाहर निकल आए। इसी तरह से शहर के कई मोहल्ला गोविंदगंज, बहादुगंज, घंटाघर, कच्चा कटरा, चौक, आवास विकास कॉलोनी, राजकीय मेडिकल कॉलेज समेत अन्य इलाकों में लोग भूकंप के झटके महसूस करने के बाद अपनी दुकानों और प्रतिष्ठानों से बाहर निकल आए।
तिलहर में भी महसूस किए गए भूकंप के झटके: दोपहर 2:53 बजे लोगों ने भूकंप के झटके महसूस किए। इस समय तमाम लोग घरों पर आराम कर रहे थे। लेटे समय उन्होंने पलंग हिलने और सिर में चक्कर आना महसूस किया। मोहल्ला दातागंज निवासी विमला देवी ने बताया कि वह बेड पर लेटीं मोबाइल देख रही थी, उन्हेंं ऐसा लगा कि उनका बेड हिल गया है। वह घबराकर बैठ गईं। इसी मोहल्ले की प्रियंका गुप्ता ने बताया कि वह सोफे पर बैठीं पढ़ाई कर रहीं थीं, इसी दौरान लगा कि उनका सोफा खिसक रहा है। रिया ने बताया कि चक्कर महसूस होने पर कमरे से बाहर निकल आईं। गांव जनयूरी जूनियर स्कूल की शिक्षका प्रियंका आर्या ने बताया कि वह स्कूल में कुर्सी पर बैठी थीं। अचानक ऐसा लगा कि कुर्सी खिसक रही है। वह तथा अन्य शिक्षक घबरा गए।
धरती कांपने से लोग निकले दुकान, मकानों से बाहर: पुवायां में मंगलवार दोपहर 2:53 पर अचानक भूकंप के झटकों से लोग दहशत में दुकानों और मकानों से बाहर निकल आए। कुछ लोगों का कहना था कि उनको झटके जैसे महसूस हुए हैं तो कुछ लोगों ने चक्कर आने जैसा महसूस होने की शिकायत की। इसके बाद लोगों के मोबाइल की घंटियां बजने लगीं। लोग एक दूसरे से भूकंप आने की जानकारी लेने लगे। भूकंप के काफी देर बाद भी लोग फिर से भूकंप आने की आशंका से सहमे रहे।