Shahjahanpur News: जात मेले में जुआ खेलने वालों के खिलाफ पुलिस ने बैठाया पहरा
जलालाबाद। गांव तिकोला के प्राचीन मां काली के मंदिर पर चल रहे देवी जात मेले के दौरान परंपरा की आड़ लेकर जुआ खेलने की कुरीति के खिलाफ सोमवार को पुलिस ने पहरा बैठा दिया। हालांकि पुलिस जुआरियों को पकड़ नहीं सकी।
देवी जात मेले के दौरान 15 दिन लगातार होने वाले जुए को बंद कराने के लिए थाना प्रभारी प्रवीण सोलंकी के साथ जलालाबाद व अल्हागंज थाने की पुलिस ने एक साथ दबिश दी। भनक लग जाने के कारण जुआरी समेत वहां विभिन्न तरह का सामान बेचने वाले निकल भागे। इसके बाद पुलिस ने वहां लगे तिरपाल, बांस बल्ली आदि कब्जे में ले लिए और ट्रैक्टर से उस पूरे बाग को जुतवाकर पानी भरवा दिया जहां जुआ खेला जाता है। थाना प्रभारी ने मंदिर व जुआ स्थल के आसपास पुलिस का पहरा बैठा दिया ताकि बाद में जुआरी न पहुंचे। एसपी ग्रामीण संजीव कुमा वाजपेयी ने बताया कि कोई भी गैरकानूनी हरकत नहीं होने दी जाएगी। पूरे समय पुलिस बल मुस्तैद रहेगा। संवाद