Shahjahanpur News: पोर्टल लांच नहीं, सामूहिक विवाह कार्यक्रम टला
शाहजहांपुर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम के लिए इस बार ऑनलाइन आवेदन होने हैं। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू की गई, लेकिन शासन की ओर से आवेदन करने के लिए पोर्टल लांच नहीं हो पाया। इसकी वजह से सामूहिक विवाह कार्यक्रम टल गया है।
समाज कल्याण विभाग की ओर मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। जून में 250 जोड़ों का विवाह कराने के लिए विभाग में बजट आया था। पहले ऑफलाइन प्रक्रिया के तहत लोग ब्लॉकों में विवाह के लिए आवेदन करते थे। इस बार प्रक्रिया में बदलाव किया गया। शासन की ओर से पोर्टल शुरू किया जाना तय हुआ। इसमें विवाह के लिए ऑनलाइन आवेदन किया जाना था। इसका मुख्य उद्देश्य था कि आवेदन में पारदर्शिता बनी रहे, लेकिन शासन की ओर से पोर्टल लांच ही नहीं हो पाया। इसकी वजह से आवेदन नहीं हो सके। यहां बता दें कि 23 जून को कार्यक्रम निर्धारित था। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, अब यह सामूहिक विवाह अक्तूबर में कराए जा सकते हैं।
आवेदनकर्ता ब्लॉकों के लगा रहे चक्कर
विभागीय कर्मचारियों के मुताबिक, सामूहिक विवाह के आवेदन के लिए आवेदक ब्लॉक के चक्कर काट रहे हैं। ऑफलाइन व्यवस्था बंद होने से उनको मना कर दिया जाता है। बताया जाता है कि जब पोर्टल शुरू होगा तो आवेदन लिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम के लिए पहले आवेदन ऑफलाइन होता था, लेकिन अब शासन ने ऑनलाइन प्रक्रिया के तहत आवेदन करना तय किया है। पोर्टल लांच नहीं होने की वजह जून में होने वाला सामूहिक विवाह कार्यक्रम टल गया है। अब यह कार्यक्रम अक्तूबर में होने की संभावना है।
– वंदना सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी