Shahjahanpur News: निगोही विद्युत उपकेंद्र पर जलभराव से 100 से अधिक गांवाें की बिजली गुल

निगोही में विद्युत उपकेंद पर बारिश के कारण हुआ जलभराव
शाहजहांपुर। निगोही में बृहस्पतिवार रात करीब 12 बजे बारिश होने के बाद विद्युत उपकेंद्र जलमग्न होने के साथ ही बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। इससे 100 से अधिक गांवों में अंधेरा छा गया। जल निकासी के लिए पूरे दिन कार्य चलता रहा। शाम में नगरीय क्षेत्र की आपूर्ति को बहाल किया जा सका।
विद्युत विभाग की ठोस कार्य योजना न होने के कारण आधे कस्बे से बरसात का पानी सीधे विद्युत उपकेंद्र में भरने के कारण उपभोक्ताओं को परेशानी उठानी पड़ती है। बृहस्पतिवार की रात करीब 12 बजे तेज बारिश के दौरान उपकेंद्र पर जलभराव हो गया। पैनल पानी में डूबने से सप्लाई बाधित हो गई। पूरी रात लोग अंधेरे में परेशान रहे।
सुबह में मोटर पंप लगाकर पानी निकाले जाने की व्यवस्था की गई, लेकिन बिजली का इंतजाम न होने से काम आगे नहीं बढ़ सका। इसके बाद जनरेटर से पानी निकाला गया। तब जाकर शाम के वक्त नगरीय क्षेत्र की आपूर्ति बहाल हो सकी। ग्रामीण इलाकों में बिजली अभी नहीं आई है।
डबल सर्किट लाइन तैयार, अब नहीं गुल होगी बिजली
शाहजहांपुर। सिटी पार्क उपकेंद्र को फाल्ट से बचाने के लिए डबल सर्किट लाइन को जोड़ा गया है। एक लाइन में खराबी आने पर दूसरी लाइन से जोड़कर आपूर्ति को बहाल कर दिया जाएगा।
चार दिन पहले सिटी पार्क उपकेंद्र में फाल्ट आने पर करीब 24 घंटे तक बिजली गुल रही थी। लोगों ने लोदीपुर चौराहे पर जाम भी लगाया था। जैसे-तैसे आपूर्ति को बहाल किया गया था। फाल्ट आने पर लंबी बिजली गुल होने से बचाने के लिए करीब एक साल से बंद पड़ी दूसरी लाइन को शुक्रवार को सही करा दिया गया। लिंक लाइन को एक्सईएन अरविंद कुमार व जेई मनीष प्रजापति ने अपनी निगरानी में काम कराया। अंडरग्राउंड केबल को सही कराते हुए लाइन को सही करा दिया। जेई ने बताया कि हथौड़ा गांव के पास दूसरी लाइन बनने से हथौड़ा व सिटी पार्क फीडर की लाइन में खराबी आने पर दूसरी लाइन से जोड़कर सप्लाई को दिया जा सकेगा। संवाद
तिलहर लाइन पर आज तीन घंटे नहीं मिलेगी बिजली
शाहजहांपुर। पुवायां रोड स्थित ट्रांसमिशन से 132 केवी शाहजहांपुर-तिलहर लाइन का शट डाउन शनिवार को सुबह नौ से 11 बजे तक लिया जाएगा। विद्युत पारेषण केंद्र के एक्सईएन ने बताया कि तिलहर के खुदागंज ग्रामीण, टाउन, जैतीपुर, तिलहर टाउन, मदनापुर, कटरा टाउन, कटरा ग्रामीण, वरुण अर्जुन मेडिकल कॉलेज एवं बंथरा आदि फीडर की सप्लाई बाधित रहेगी। संवाद