Bareilly: जहां हुआ था बवाल, वहां कांवड़ यात्रा की अनुमति नहीं, कांवड़िये बोले- सीएम योगी से करेंगे शिकायत

आईजी और कप्तान के साथ फोर्स ने किया रूट मार्च
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बरेली के चक महमूद में कांवड़ यात्रा की अनुमति नहीं मिली। इसके विरोध में शुक्रवार को स्थानीय लोगों ने बाजार बंद कर दिया। सुबह से ही इलाके के लोगों में नाराजगी देखी गई। कांवड़ यात्रा के लिए लोगों ने जनप्रतिनिधियों से लेकर पुलिस और प्रशासन के अफसरों से मुलाकात की मगर अनुमति नहीं मिल सकी। महंत राकेश कश्यप से प्रशासन की बैठक बृहस्पतिवार शाम को भी बेनतीजा रही थी।
स्थानीय लोगों ने सुबह से ही इलाके की सभी दुकानें बंद करा दीं। इसके बाद एकजुट होकर कैंट विधायक संजीव अग्रवाल से मिलने गए। वहां विधायक से इसी रविवार कांवड़ यात्रा निकलवाने के लिए कहा। लोगों ने बताया कि विधायक ने उनसे कह दिया कि प्रशासन की अनुमति के बिना यात्रा निकलवाना सही नहीं है। वह फिलहाल कुछ नहीं कर सकते। स्थानीय लोग फिर बिथरी के पूर्व विधायक पप्पू भरतौल से मिले। उन्होंने कहा कि जब वह विधायक थे तो कांवड़ियों की खातिर मुकदमे झेले थे। इस समय वह जनप्रतिनिधि नहीं हैं। आप लोग जनप्रतिनिधियों से ही बात करें।
ये भी पढ़ें– खौफनाक: सनकी पड़ोसी ने दरवाजे में छोड़ा करंट, मासूम बच्ची की तड़पकर मौत; लोगों ने आरोपी को पीटा
दोपहर में लोगों की टोली डीएम दफ्तर पहुंची। वहां शहर की स्थिति को लेकर डीएम-एसएसपी व अन्य अधिकारी बैठक कर रहे थे। टोली का नेतृत्व कर रहे सुनील वर्मा ने बताया कि डीएम ने कह दिया कि पुलिस की रिपोर्ट के बाद अनुमति निरस्त की जा चुकी है। फिलहाल इस मामले में कोई मदद नहीं कर सकते। शाम को स्थानीय लोगों ने कहा कि वह इस प्रकरण की शिकायत सीएम योगी से करने जाएंगे। इसी बीच कुछ कांवड़ यात्रियों ने कछला के बजाय हरिद्वार जाने का मन बनाया है। वह लोग वनखंडी नाथ मंदिर से बस लेकर जल लेने जाएंगे।



