Shahjahanpur News: ढाईघाट पर तंबुओं का शहर बसाने की तैयारी शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Wed, 15 Nov 2023 12:34 AM IST

कार्तिक मेला ढाईघाट स्थल पर ट्रेक्टर से बनाई जा रहीं सड़क। संवाद
मिर्जापुर। जिला पंचायत प्रशासन ने 23 नवंबर से शुरू हो रहे कार्तिक मेला ढाईघाट स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सड़कों और ड्यूटी पर आने वाले कर्मचारियों के आवास आदि के निर्माण शुरू हो गए हैं।
जिला पंचायत के प्रबंधन में 23 से 30 नवंबर तक ढाईघाट गंगातट पर रेत के ढेर पर रंग-बिरंगे तंबुओं का शहर बसाया जाएगा। मेला स्थल पर सड़कों का निर्माण शुरू हो गया है लेकिन गंगा के जलस्तर में अचानक वृद्धि होने से सड़कों के निर्माण में बाधा आ जाने की संभावना से ठेकेदार के कर्मचारी हलकान हैं। कर्मचारी पिंटू मिश्रा ने बताया कि बुधवार तक सड़कों का निर्माण पूरा हो जाने की उम्मीद है। जिला पंचायत कैंप कार्यालय और मेला कोतवाली बनाने की भी तैयारी चल रही है। मेले के शुभारंभ होने से पहले पेयजल के लिए हैंडपंप, प्रकाश के लिए जनरेटर और विद्युत लाइन, सफाई, शौचालयों, रेन बसेरा आदि की व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली जाएंगी। मेले में निर्माण कार्यों के लिए भले ही अभी टेंडर नहीं खुले हैं,। फिर भी उन्हें 17-18 लाख के दायरे में मेले की व्यवस्थाएं पूर्ण किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।