Shahjahanpur News: कलान में लग रहा एथेनॉल से पेट्रोलियम पदार्थ बनाने का प्रोजेक्ट

कलान में एथेनॉल से पेट्रोलियम पदार्थ बनाने वाले प्लांट के लिए अधिग्रहीत की गई भूमि। संवाद
शाहजहांपुर। कटरी जैसे पिछड़े इलाके में 200 करोड़ की लागत से एथेनॉल से पेट्रोलियम पदार्थ बनाने का प्रोजेक्ट लगाने की कवायद शुरू हो गई है। इसके लिए आगरा की कंपनी ने करीब 17 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया है। उत्पादन अगले वित्तीय वर्ष तक शुरू हो जाएगा। प्रोजेक्ट से करीब तीन हजार लोगों को रोजगार मिल सकेगा।
आगरा की वाईवाईटीटी कंपनी ने कलान के पटना देवकली क्षेत्र में एथेनाॅल से बनने वाले पेट्रोलियम पदार्थ का प्लांट लगाने की दिशा में काम शुरू कर दिया है। इस प्रोजेक्ट में करीब दो सौ करोड़ का निवेश होगा। सरकार भी जैविक पेट्रोलियम पदार्थों को बढ़ावा दे रही है। ऐसे में कलान जैसे पिछड़े क्षेत्र में फैक्टरी लगने से यहां रहने वाले बेरोजगारों के लिए विकास का पहिया घूमने लगेगा। अधिकारियों मुताबिक, कंपनी में करीब दो से तीन हजार लोगों को रोजगार मिलेगा। लोगों को रोजगार करने के लिए अपने घर को छोड़कर दूसरी जगह नहीं जाना पड़ेगा।
पेट्रोलियम पदार्थ लगाने के प्लांट के लिए जमीन के अधिग्रहण का काम पूरा हो गया है। उत्पादन अगले वित्तीय वर्ष तक शुरू होने की संभावना है।
– अनुराग यादव, उपायुक्त उद्योग