शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: वादा शहर की सूरत बदलने का… अपनी कॉलोनी संवार नहीं पा रहीं महापौर

Connect News 24

शाहजहांपुर। शहर के खिरनीबाग वार्ड की इंदिरानगर कॉलोनी में सफाई व्यवस्था चौपट है। नालियां और सड़कें बदहाल हैं। महापौर अर्चना वर्मा का आवास भी इसी कॉलोनी में है। पीडब्ल्यूडी मंत्री जितिन प्रसाद भी इसी कॉलोनी में रहते हैं। इसके बावजूद कॉलोनी की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

खिरनीबाग वार्ड में आने वाली इंदिरानगर कॉलोनी में करीब तीन हजार लोग निवास करते हैं। यह शहर की पॉश कॉलोनियों में शुमार है। यहां पीडब्ल्यूडी मंत्री जितिन प्रसाद का भी आवास भी स्थित है। उनके साथ ही तमाम अधिवक्ता, चिकित्सक, शिक्षक और अधिकारी भी इस कॉलोनी में रहते हैं। खिरनीबाग वार्ड में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन की शुरुआत की गई थी। इसके साथ ही सूखे और गीले कूड़े के प्रबंधन के लिए भी जागरूक किया गया। इसके बावजूद लोगों ने कॉलोनी में खाली पड़े प्लाटों को डलावघर बना रखा है।

महापौर के आवास से सटी सड़क की नाली टूटी

इंदिरानगर कॉलोनी में महापौर अर्चना वर्मा के आवास से सटी सड़क पर आगे बढ़ते हैं तो जीआईसी के शिक्षक रहे केपी सिंह की गली की नाली पूरी तरह से क्षतिग्रस्त है। इसका पानी सड़क पर बहता है। इसी गली में एक खाली प्लॉट में कॉलोनी के लोग कूड़ा भी डालते हैं। इसमें जानवर घूमते रहते हैं। कूड़े से उठने वाली बदबू से हर कोई परेशान रहता है।

ऋषि आश्रम वाली रोड जर्जर

इंदिरानगर कॉलोनी में रेलवे क्रॉसिंग के पास से ऋषि आश्रम की ओर जाने वाली सड़क जर्जर हो चुकी है। उसमें गहरे गड्ढे हो गए हैं। सड़क की मरम्मत की कई बार नगर आयुक्त से मांग की जा चुकी है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इसी मार्ग पर दसवां संस्कार गृह भी है। ऋषि आश्रम में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं।

अधूरी पड़ी प्रसाद भवन के पीछे की सड़क

कॉलोनी में प्रसाद भवन के पीछे रेलवे लाइन के किनारे सड़क बनवाने का काम शुरू हुआ था, लेकिन यह पूरा नहीं हो पाया है। इस सड़क का करीब 30 प्रतिशत निर्माण बाकी है। इसकी वजह से कॉलोनी में रहने वालों को आवागमन में दिक्कतो का सामना करना पड़ रहा है। इसी तरह खन्नौत नदी के किनारे खाद भंडार के पास से सड़क का निर्माण होना था, वह भी पूरा नहीं पाया है।

वर्जन

जिनके प्लॉट हैं, उनको दीवार उठाने और देखरेख के लिए जागरूक किया जाएगा। जिन सड़कों का निर्माण अधूरा पड़ा है, उनको प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराएंगे। इसके बाद टूटी सड़कों और नालियों को ठीक कराने पर ध्यान दिया जाएगा। – सोनी मिश्रा, पार्षद, वार्ड नंबर 10 खिरनीबाग

खाली प्लॉट में कूड़ा डालने वालों से अपील है कि डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन को आने वाले कर्मचारी को ही घर का कचरा दें। सड़कों तथा नालियों की मरम्मत कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। – एसके सिंह, अपर नगर आयुक्त, नगर निगम शाहजहांपुर


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button