Shahjahanpur News: आयुष चिकित्सालय के लिए एक एकड़ जमीन उपलब्ध कराएं
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Fri, 03 Nov 2023 12:42 AM IST

बैठक में अधिकारियों को दिशानिर्देश देते डीएम। प्रशासन
शाहजहांपुर। डीएम की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागर में बृहस्पतिवार को जिला आयुष समिति की बैठक हुई। डीएम ने जिले में प्रस्तावित 50 बेड के एकीकृत आयुष चिकित्सालय और जो आयुर्वेदिक एवं यूनानी चिकित्सालय अपने भवन में संचालित नहीं हैं, उनके लिए एक एकड़ भूमि उपलब्ध कराने के निर्देश एसडीएम सदर को दिए।
इससे पूर्व बैठक में क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. राजीव कुमार ने डीएम को बताया कि जिले में कुल 55 आयुर्वेदिक एवं छह यूनानी अस्पताल संचालित हैं। डीएम ने दवाओं के उपलब्ध स्टॉक की जानकारी ली। उन्होंने डॉक्टरों के सेवा भाव की भी सराहना की तथा अच्छा कार्य करने वाले डॉक्टरों को मिशन शक्ति के तहत पुरस्कृत किए जाने के निर्देश दिए। डीएम ने जर्जर भवनों में संचालित आयुर्वेदिक एवं यूनानी चिकित्सालय में शौचालय, बिजली एवं पानी की व्यवस्था करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। आयुष चिकित्सालय में संचालित हेल्थ वेलनेस सेंटर में हर्बल गार्डन और राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय चांदपुर एवं कटेली की बाउंड्रीवॉल की व्यवस्था के लिए डीडीओ और डीपीआरओ को निर्देश दिए। बैठक में डीडीओ पवन सिंह, पीडी डीआरडीए अवधेश राम डीपीओ अरविंद रस्तोगी, जिला होम्योपैथिक अधिकारी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।