Shahjahanpur News: रेलवे ने बंद किया रास्ता, 200 किसान प्रभावित

कलक्ट्रेट में डीएम से शिकायती पत्र देने पहुंचे किसान। संवाद
शाहजहांपुर। रेलवे की सख्ती की वजह से 200 किसानों का ट्रैक्टर-ट्राॅली खेत पर ले जाने का रास्ता बंद हो गया। समस्या को लेकर किसान मंगलवार को कलक्ट्रेट पहुंचे। डीएम कार्यालय में शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की।
गांव ददऊं, पसियानी, नबीपुर वीरान और महोलिया खांडे के किसानों ने कहा कि उनके खेतों पर जाने के लिए रेलवे फाटक से कोई रास्ता नहीं है। अभी तक लगभग 200 किसान पं. राम प्रसाद स्टेशन की संपत्ति से आवागमन करते थे। काफी समय से उनका स्टेशन से निकास था, लेकिन अब स्टेशन मास्टर ने ट्रैक्टर-ट्राॅली निकालने से मना कर दिया है। उनका कहना है कि किसान रेलवे की जगह से नहीं निकल सकते। उन्हें निकलने के लिए जगह सरकार देगी। स्टेशन मास्टर से रास्ते की व्यवस्था करने के लिए सरकार के पास जाने के लिए कहा। किसानों ने कहा कि रास्ता बंद होने से उनके सामने खेतीबाड़ी का संकट पैदा हो रहा है। तमाम किसानों की गन्ने की फसल कटने के लिए खड़ी है। सड़क का निर्माण कराया जाए ताकि उनकी गन्ने की फसल कट सके। इस दौरान सुशील कुमार सिंह, देव कुमार, जयराम, शिव सिंह, सुधीर सुखवीर, वैभव सिंह, महेंद्र सिंह, जयकरण, ओम प्रकाश, अवधेश कुमार्र, नीरज, अरविंद, रोहित सिंह आदि रहे।