Shahjahanpur News: समाज कल्याण अधिकारी और दो बाबुओं के बयान दर्ज

समाज कल्याण विभाग शाहजहांपुर। स्रोत संवाद
शाहजहांपुर। वृद्धावस्था पेंशन देने के बजाय दो करोड़ 52 लाख रुपये का फर्जीवाड़ा करने वालों की तलाश शुरू कर दी गई है। मंगलवार को अपराध शाखा के इंस्पेक्टर जाकिर हुसैन ने जिला समाज कल्याण अधिकारी वंदना सिंह, वरिष्ठ लिपिक नावेद खां और नरेंद्र से पूछताछ कर बयान दर्ज किए। उनसे पेंशन राशि खातों में जाने की प्रक्रिया समझी।
जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश कुमार की नियुक्ति के समय पेंशन घोटाले का जिन्न बाहर आया था। पेंशन की राशि अवैध तरीके से दूसरे खातों में भेज दी गई थी। बुजुर्गों ने समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय के चक्कर काटने शुरू किए तो घोटाला सामने आया। शासन स्तर तक बात पहुंचने के बाद जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश कुमार पर कार्रवाई कर दी गई। मामले में मुकदमा भी सदर थाने में दर्ज कराया गया था। आरोपियों के दूसरे जिले से संबद्ध होने के चलते पुलिस की जांच की रफ्तार सुस्त थी। इसके बाद एसपी ने अपराध शाखा को जांच सौंप दी। मंगलवार को अपराध शाखा के प्रभारी जाकिर अली ने विकास भवन स्थित समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय में जाकर मामले की जानकारी ली।
2390 खातों का मिलान किया गया : इंस्पेक्टर ने पात्रों के खातों में रुपये भेजने का तरीका समझा। इसके बाद 2390 खातों का मिलान कर विवेचना में शामिल किया। पुलिस उन खातों के बारे में साक्ष्य जुटा रही है, जिसमें रुपये ट्रांसफर किए गए थे। माना जा रहा है कि मामले में कई अन्य भी चपेट में आ सकते हैं।
वंदना सिंह ने दर्ज कराई थी रिपोर्ट : प्रभारी समाज कल्याण अधिकारी वंदना सिंह ने सदर थाने में तहरीर देकर निलंबित समाज कल्याण अधिकारी राजेश कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। इनके अतिरिक्त सात अन्य को भी नामजद किया गया था।
-सदर बाजार से विवेचना अपराध शाखा को ट्रांसफर कर दी गई। मामले की गहनता से विवेचना की जा रही है।
-सुधीर जायसवाल, एसपी सिटी

