Budaun News: दूसरा ब्याह कर बेच दी पहले पति से पैदा बेटियों के हिस्से की जमीन
उझानी (बदायूं)। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने दूसरा ब्याह कर लिया। पहले पति की मौत होने पर उनसे पैदा नाबालिग बेटियों की संरक्षक बनकर उनके हिस्से की जमीन बेच दी। पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो मामला कोर्ट पहुंचा। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने दो महिलाओं समेत चार लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक, बीमार पति को छोड़कर महिला ने किसी और से ब्याह कर लिया। वर्ष-2013 में पहले पति की मौत हो गई। उस वक्त उनकी दोनों बेटियां नाबालिग थीं। जमीन नाबालिग दोनों बेटियों के नाम आ गई। संरक्षक डीएम बने। नाबालिग बेटियों के जमीन संबंधी अभिलेखों में हेराफेरी करके उनकी मां ने खुद को संरक्षक दर्ज करा लिया। बाद में दोनों बेटियों के हिस्से की जमीन अपनी बहन बिल्सी थाना क्षेत्र के गांव दवियारी निवासी शीला पत्नी नेत्रपाल को बेच दी। धोखाधड़ी में नेत्रपाल के अलावा दवियारी का ही आर्येंद्र भी शामिल रहा।
हकीकत सामने आने के बाद नाबालिग बेटियों ने पुलिस से शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद दोनों बेटियों ने कोर्ट में वाद दायर किया। नाबालिग बेटियों की ओर से कोर्ट में कहा गया कि शिकायत करने पर आरोपी उन्हें धमका रहे हैं। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने शीला, आर्येंद्र, नेत्रपाल और नाबालिग बेटियों की मां के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।