Budaun News: निजी जमीन पर औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने में दिलचस्पी नहीं ले रही उद्यमी
बदायूं। निजी जमीन पर औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने में उद्यमी दिलचस्पी नहीं ले रहे हैं। अब तक एक भी उद्यमी ने इसके लिए आवेदन नहीं किया है, जबकि सरकार एक प्रतिशत ब्याज पर ऋण भी दे रही है। हालांकि कुछ लोगों ने उद्योग विभाग के दफ्तर पहुंचकर योजना के बारे में जानकारी जरूर ली है।
प्लेज स्कीम (प्रमोटिंग लीडरशिप एवं इंटरप्राइज फॉर डेवलपमेंट ऑफ ग्रोथ इंजन) के तहत उद्योग लगाने की योजना बनाई गई है। इसके तहत जिले मेें 10 से 50 एकड़ निजी जमीन पर औद्योगिक क्षेत्र विकासित किए जाने हैं। इसके लिए एक या अधिक व्यक्ति समूह बनाकर जमीन दे सकते हैं।
प्रति एकड़ पर शासन की ओर से चहारदीवारी, पार्क, सड़क, निर्माण के लिए 50 लाख रुपये का ऋण छह साल के लिए एक प्रतिशत ब्याज पर दिया जाएगा। ऐसे में उद्योग केंद्र की ओर से ऐसे प्रस्ताव मांगे गए हैं। हालांकि 15 दिन निकल जाने के बाद भी अभी तक किसी ने प्रस्ताव नहीं दिया है लेकिन उद्यम लगाने के इच्छुक लोग विभाग के कार्यालय पहुंचकर जानकारी हासिल कर रहे हैं।
वर्जन
शासन की यह एक अच्छी योजना है। इसको लेकर कारोबारियों से वार्ता की है। आवेदन मांगे गए हैं। आवेदन आने के बाद में उसे आगे बढ़ाया जाएगा। – अशोक कुमार उपाध्याय, उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र