Shahjahanpur News: स्कूलों में संचालित होंगी उपचारात्मक कक्षाएं
शाहजहांपुर। यूपी बोर्ड परीक्षा से पहले विद्यार्थियों की तैयारियों के लिए स्कूलों में 40 मिनट की उपचारात्मक कक्षाएं संचालित की जाएंगी जिसको लेकर माध्यमिक शिक्षा सचिव की ओर से निर्देश जारी किए गए हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक हरिवंश कुमार ने बताया कि पिछले साल की तरह इस बार भी इन कक्षाओं का संचालन किया जाएगा। इन कक्षाओं में उन विद्यार्थियों पर ज्यादा ध्यान दिया जाएगा, जो पढ़ाई में कमजोर हैं। इसके लिए प्रधानाचार्यों और शिक्षकों को निर्देशित किया गया है। बताया कि कक्षा नौ व दसवीं के कमजोर छात्र-छात्राओं को हिंदी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान तथा कक्षा 11 और 12 के विद्यार्थियों को हिंदी, अंग्रेजी, गणित, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान व जीव विज्ञान विषय की विशेष तैयारी विषय विशेषज्ञ कराई जाएगी।
उपचारात्मक कक्षाओं की निगरानी करने के लिए जिला और मंडल स्तर पर एक टीम गठित की जाएगी, जिसमें सभी विषय के उत्कृष्ट शिक्षक-शिक्षिकाएं शामिल होंगे। बोर्ड परीक्षा में बेहतर परिणाम देने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मानित भी किया जाएगा।