Shahjahanpur News: धर्मस्थल में जूते पहनकर घुसने पर विवाद, आठ लोगों पर रिपोर्ट दर्ज

बंडा के गांव बिरहाना बुजुर्ग में तनाव के कारण तैनात पुलिस। संवाद
बंडा। धर्मस्थल में जूता पहनकर घुसने के बाद हुए विवाद में पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। दोनों पक्षों में तनाव के मद्देनजर गांव में पुलिस तैनात है।
गांव बिरहाना बुजुर्ग में मलैया बाबा का एक बहुत ही प्राचीन स्थान है, जहां शिव मंदिर के साथ ही कई देवी-देवताओं की मूर्तियां स्थापित हैं। मंदिर के पास ही एक मजार बना दी गई थी। बाबा श्रीगिरी गुरु बाबा राजगिरि ने बताया कि वह गांव में बने मंदिर की देखभाल करते हैं। बृहस्पतिवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे जमालुद्दीन जूते पहनकर मंदिर परिसर में घुस आया। इस पर उसे टोक दिया था।
थोड़ी देर में गांव के नजर मोहम्मद, फिराली, नन्हें, मईसुद्दीन, रिंकू, गुलाम नबी और रफीक हाथों में कांता, भाला और छुरा लेकर आ गए। सभी जान से मार देने की धमकी देते हुए हमलावर हो गए। इस दौरान जब गांव के काफी लोग आ गए तो वे लोग भाग गए। बाबा की तहरीर पर पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली।
थाना प्रभारी प्रदीप सहरावत ने बताया कि वर्ष 2000 में मंदिर के पास वाली जगह में ही एक मजार बनवाई गई थी। न तो किसी को चादर चढ़ाने से रोका गया है और न ही मंदिर को कोई नुकसान हुआ है। यहां कैमरे लगाए जा रहे हैं। शांति व्यवस्था के लिए गांव में पुलिस तैनात की गई है।