Shahjahanpur News: विवाहिता की मौत, दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज
पिता ने लगाया दो लाख रुपये मांगने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
पुवायां। विवाहिता की मौत के मामले में पिता ने दामाद सहित नौ लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बड़ागांव निवासी आनंद की पत्नी 22 वर्षीय मोनी उर्फ आरती का शव 25 अगस्त की रात घर में पंखे से लटकता मिला था। ससुराल के लोगों ने मोनी के आत्महत्या कर लेने की बात पुलिस को बताई थी। सूचना पाकर रात में ही पुलिस मौके पर पहुंची थी और मोनी के परिजन से घटना की जानकारी लेकर शव कब्जे में लिया था।
जब मोनी के पिता थाना सेहरामऊ दक्षिणी के गांव बवक्करपुर निवासी तुलाराम को सूचना मिली, तो वह भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पुलिस को बताया कि उन्होंने पुत्री मोनी देवी उर्फ आरती की शादी दो फरवरी 2023 को पुवायां के गांव बड़ागांव निवासी आनंद उर्फ राजू के साथ की थी। दिए गए दान दहेज से दामाद आनंद, आनंद के पिता विनोद कुमार, मां रेशमा देवी, भाभी मरजीना, भाई कमल किशोर, अटन्नू, बबलू, शंकरलाल, बहन रिचा संतुष्ट नहीं थे। वे दहेज में दो लाख रुपये मांगने लगे।
मांग पूरी नहीं होने पर आरोपियों ने 25 अगस्त को मोनी की गला दबाकर हत्या कर दी और बचने के लिए शव को सीलिंग फैन से लटका दिया। सूचना मिलने पर वह बड़ागांव पहुंचे तो पुत्री मृत मिली। पुलिस ने दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार राय ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।