Shahjahanpur News: गाड़ी में तोड़फोड़ करने के आरोप में पांच पर रिपोर्ट
पुवायां। वाहन में तोड़फोड़ करने के आरोप में चालक ने पुवायां के पांच लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। दूसरे पक्ष की ओर से मामले में पहले ही रिपोर्ट दर्ज कराई जा चुकी है।
जनपद पीलीभीत के थाना बिलसंडा के गांव गंगुआपुर निवासी तेजपाल ने पुलिस को बताया कि 11 जून को वह सिंधौली के गांव दिवाली से रिश्तेदार की बरात में अपनी बोलेरो गाड़ी से पूरनपुर जा रहा था। रात नौ बजे बंडा के गांव मोहद्दीनपुर के पास दो बाइकों से तीन लोग उनकी गाड़ी के पास आए और गाड़ी रुकवाकर गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर पुवायां निवासी रचित और चार अन्य लोगों ने ईंट, पत्थर से गाड़ी के शीशे तोड़ दिए।
उसने रचित को पकड़ लिया तो रचित ने कहा कि उसे पुवायां लेकर चलो, गाड़ी में हुए नुकसान का हर्जाना भर देगा। वह रचित को लेकर पुवायां पहुंचे तो उसने सुबह में रुपये देने की बात कही। अगले दिन रचित ने फोन कर पुवायां आने पर पीटने की धमकी दी, जिस कारण वह पुवायां नहीं गया। तेजराम के अनुसार गाड़ी में लगभग 20 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। बंडा पुलिस ने रचित को नामजद करते हुए चार अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।