Shahjahanpur News: रीवैंप को लगी ठंड, गर्मी में फॉल्ट करेंगे तंग

शाहजहांपुर में अलीजई जाने वाली रोड पर तारों का जाल। संवाद
शाहजहांपुर। जिले के बिजली बेतरतीब नेटवर्क को चुस्त-दुरुस्त करने के उद्देश्य से शुरू की गई रीवैंप योजना का काम ठंड में सुस्त पड़ा हुआ है। इसका असर गर्मी के दिनों में लोकल फाॅल्ट के रूप में देखना पड़ेगा। पांच माह बाद भी नाममात्र का काम हुआ है। तमाम स्थानों पर खुले ट्रांसफाॅर्मर, लटकते तार और जर्जर खंभों से हादसों की आशंका है। अफसरों की निगरानी के अभाव में काम रफ्तार नहीं पकड़ पा रहा है।
शहर में हल्की बारिश व तेज हवा चलने पर घंटों बिजली गुल होना आम बात है। मोहल्ला बाडूजई प्रथम, अलीजई, चार खंभा, ककरा, निसरजई आदि स्थानों पर खुले में ट्रांसफाॅर्मर रखे होने से हादसे का डर बना है। इसी तरह देवी प्रसाद इंटर कॉलेज, लोहारों वाले चौराहे से आनंदपुरम जाने वाले रोड, चमकनी, सदर बाजार समेत तमाम स्थानों पर बिजली की जर्जर लाइनें झूल रही हैं।
नीचे से गल चुके व तिरछे हुए खंभों से लोग परेशान हैं। रीवैंप योजना के तहत इन्हें सही कराकर बिजली नेटवर्क को मजबूत बनाया जाना था, लेकिन अफसरों की लापरवाही के चलते काम रफ्तार नहीं पकड़ पा रहा है। उपभोक्ताओं की मानें तो सर्दी में बिजली की मांग कम होने पर शट डाउन लेकर आसानी से काम कराए जा सकते थे। फिर भी योजना के नाम पर मात्र कुछ स्थानों पर खंभे लगाकर व लाइन बनाकर छोड़ दिया गया। सर्दी में काम नहीं होने की वजह से गर्मी में उपभोक्ताओं को लोकल फाल्ट से जूझना होगा। एक्सईएन सिटी अरविंद कुमार ने बताया कि ठेकेदार ने देरी से काम शुरू किया है। अब कर्मियों की संख्या को बढ़ाकर तेजी से काम कराया जाएगा।
2025 तक पूर्ण होना है काम
रीवैंप योजना के तहत वर्ष 2025 तक काम को पूर्ण किया जाना है। पहले चरण में लाइन लॉस खत्म करने को फीडरवार सर्वे कराकर 187 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया था। इसमें पोल और लाइन को बेहतर करने की तैयारी थी। 324 करोड़ रुपये से प्री-पेड मीटर लगाए जाएंगे।
ओटीएस पर जोर, रीवैंप को भूले अफसर
बिजली निगम के अधिकारी रीवैंप योजना को पिछले कुछ माह से भूले बैठे थे। कार्यदायी संस्था व ठेकेदार पर शिकंजा कसने के बजाय ओटीएस के जरिये राजस्व वसूली पर जोर लगा दिया। अब घर-घर जाकर मीटर रीडरों की क्राॅस चेकिंग की जा रही है। ऐसे में काम रफ्तार नहीं पकड़ पा रहा है।
शहरी क्षेत्र में यह होना है काम
नगरीय क्षेत्र में 24 घंटे बिजली आपूर्ति देने के लिए करीब 500 बिजली के खंभे, 100 किमी एलटी की लाइन व 100 किमी बंच लाइन को डालने की तैयारी थी।
ये भी होने हैं काम
22 उपकेंद्रों की क्षमतावृद्धि।
21 ट्रांसफाॅर्मर पुराने उपकेंद्रों पर अतिरिक्त लगेंगे।
1639 नए ट्रांसफाॅर्मर विभिन्न क्षमता के लगेंगे।
1880.2 किमी हाईटेंशन लाइनों की मरम्मत।
3546.36 किमी लो-टेंशन लाइन की मरम्मत।
09 विद्युत उपकेंद्रों का निर्माण।
-जिले में दस से 15 प्रतिशत तक काम पूर्ण करा लिया गया। कार्यदायी संस्था को तेजी से काम कराने के लिए निर्देशित किया गया है। – राजकुमार, नोडल अधिकारी रिवैंप व एक्सईएन पुवायां।

शाहजहांपुर में अलीजई जाने वाली रोड पर तारों का जाल। संवाद