Shahjahanpur News: हुसैनपुरा और गदियाना में बनेंगीं सड़कें और नालियां
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Tue, 28 Nov 2023 12:38 AM IST
शाहजहांपुर। समाज कल्याण विभाग की ओर से अनुसूचित जाति-जनजाति के लोगों को मूलभूत सुविधाएं प्रदान करने की योजना का संचालन किया जाता है। इसके तहत हुसैनपुरा और गदियाना मोहल्ले में सड़क और नाली का निर्माण कराया जाएगा।
अपर नगर आयुक्त व प्रभारी जिला परियोजना अधिकारी एसके सिंह ने बताया कि यह कार्य नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) कराएगा। हुसैनपुरा में ओमप्रकाश के मकान से नन्हे के मकान तक सड़क और नाली बनेगी, जिसमें 11 लाख रुपये खर्च होंगे। जबकि गदियाना में राकेश के मकान से रमेश के मकान तक सड़क व नाली का निर्माण करवाया जाएगा, इसमें 14 लाख रुपये की लागत आएगी। निर्माण कार्यों के लिए कार्ययोजना बनाकर 25 लाख रुपये का बजट का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है जिसकी स्वीकृति मिलनी बाकी है।
ये है योजना
अनुसूचित जाति-जनजाति योजना के तहत उन क्षेत्रों को लाभ मिलता है, जहां पर एससी-एसटी जाति के 25 फीसदी लोग निवास करते हैं। जबकि सामान्य वर्ग के लोगों की आबादी 37 फीसदी होनी चाहिए।