शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: उद्यमियों की खत्म होगी तलाश, 100 एकड़ जमीन चिन्हित

Connect News 24

शाहजहांपुर। इन्वेस्टर्स समिट में एमओयू साइन कर उद्योग स्थापित करने के लिए जमीन तलाश करने वालों को जल्द राहत मिलेगी। जलालाबाद के गुलड़िया में 100 एकड़ जमीन चिन्हित कर औद्योगिक गलियारा बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। यहां पर इंवेस्टर्स समिट में शामिल उद्यमियों को प्राथमिकता दी जाएगी।

वर्ष 2023 में हुई इन्वेस्टर्स समिट में जिले के करीब 168 निवेशकों ने 60 हजार करोड़ रुपये के ओएमयू साइन किए थे। इनके जरिये 10,798 लोगों को रोजगार देने की तैयारी थी लेकिन भूमि नहीं मिलने से उद्योग ही स्थापित नहीं हो सके। सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) के मात्र 35 उद्योग समेत कुल 90 उद्यमी खुद की भूमि हाेने का प्रमाण देकर ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी में शामिल हुए थे। शेष ने या तो कदम पीछे खींच लिए, अन्यथा वह सस्ती दरों पर औद्योगिक इकाई लगाने के लिए जमीन तलाश रहे हैं। इन उद्यमियों के लिए अच्छी खबर यह है कि प्रशासन ने जलालाबाद में औद्याेगिक गलियारा बनाने के लिए 100 एकड़ जमीन चिन्हित की है। तीन नवंबर को लखनऊ से आए मुख्य कार्यपालक अधिकारी के नेतृत्व में टीम ने जमीन का सर्वे किया। इसके बाद अग्रिम कार्यवाही शुरू कर दी गई है। उद्योग केंद्र के उपायुक्त अनुराग यादव ने बताया कि औद्योगिक गलियारा के लिए उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) विकसित कर प्लाट को उद्यमियों को आवंटित करेगी। इंवेस्टर्स समिट में शामिल उद्यमियों को प्राथमिकता मिलेगी।

सर्किल रेट के आधार पर मिलेगा मुआवजा

किसानों को जमीन का सर्किल रेट के हिसाब से मुआवजा दिया जाएगा। इसका प्रस्ताव बनाकर यूपीडा को भेजा जाएगा। उसके बाद अग्रिम कार्रवाई शुरू की जाएगी।

-90 उद्यमियों ने अलग-अलग स्थानों पर इकाई स्थापना के लिए भूमि के लिए कागज जमा किए।

-234 आवेदन इस वर्ष अब तक उद्योग केंद्र के पास औद्योगिक इकाई स्थापित करने के लिए आए।

-73 हजार करोड़ रुपये प्रोजेक्टों पर खर्च होंगे, जमीन मिलने के बाद धरातल पर उतर सकेंगे।

-उद्यमियों के लिए जमीन की दिक्कतों को खत्म किया जा रहा है। औद्योगिक गलियों में उद्यमियों को जमीन का आवंटन किया जाएगा। जमीन के चिह्नीकरण के बाद प्रक्रिया शुरू हो गई है।

-अनुराग यादव, उपायुक्त-उद्योग


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button